रांची। झारखंड के खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार की ओर से पदक विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार और पूर्व खिलाड़ियों को पेंशन देने की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी सिलसिले में गठित उच्चस्तरीय समिति की बैठक में खिलाड़ियों के आवेदनों की समीक्षा की गई।

बैठक में जांच के बाद 493 खिलाड़ियों को करीब 4.51 करोड़ रुपये की सम्मान राशि देने की अनुशंसा की गई है। वहीं, खिलाड़ी पेंशन योजना के तहत प्राप्त 21 आवेदनों में सिर्फ 2 आवेदन ही पात्र पाए गए।

911 आवेदनों में 493 खिलाड़ी पुरस्कार के लिए योग्य

खेलकूद एवं युवाकार्य निदेशालय ने 1 अप्रैल 2024 से 31 जनवरी 2026 तक पदक के आधार पर सम्मान राशि के लिए खिलाड़ियों से आवेदन मांगे थे। इस दौरान विभिन्न जिलों से कुल 911 आवेदन प्राप्त हुए।

इनमें 510 आवेदनों को योग्य और 401 को अयोग्य माना गया था। समिति ने प्रमाणपत्रों की जांच वाले 510 आवेदनों की समीक्षा की, जिसमें 493 आवेदन पात्र पाए गए। इन्हीं खिलाड़ियों के लिए करीब 4.51 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि की अनुशंसा की गई है।

24 खेल विधाओं में खिलाड़ियों ने जीते पदक

सम्मान राशि के लिए पात्र खिलाड़ियों ने 24 अलग-अलग खेलों में पदक हासिल किए हैं। इनमें हॉकी, फुटबॉल, लॉन बॉल, आधुनिक पेंटाथलॉन, तीरंदाजी, जिम्नास्टिक, वुशु, एथलेटिक्स, साइकिलिंग, गटका, मुक्केबाजी, नेटबॉल, कुश्ती, भारोत्तोलन, शूटिंग, ताइक्वांडो, बास्केटबॉल, रग्बी, स्क्वॉश, स्केटिंग, जूडो, कराटे, बैडमिंटन और पैरा गेम्स शामिल हैं।

योग्य खिलाड़ियों के पदकों में 241 स्वर्ण, 136 रजत और 107 कांस्य पदक शामिल हैं। इसके अलावा 9 खिलाड़ियों ने भागीदारी के आधार पर आवेदन किया है।

खिलाड़ी पेंशन के 21 आवेदनों में सिर्फ 2 पात्र

पूर्व खिलाड़ियों के लिए संचालित खिलाड़ी पेंशन योजना के तहत कुल 21 आवेदन मिले थे। समिति ने सभी आवेदनों की जांच की, लेकिन इनमें से सिर्फ 2 आवेदन ही निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए। अन्य आवेदनों में जरूरी दस्तावेजों की कमी सामने आई है।समिति ने संबंधित आवेदकों को आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराने का अवसर देने की अनुशंसा की है।

योजना के प्रचार-प्रसार पर जोर

बैठक में यह भी सामने आया कि खिलाड़ी पेंशन योजना के लिए अपेक्षा के अनुरूप आवेदन नहीं मिल रहे हैं। इसे देखते हुए समिति ने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और सभी उपायुक्तों को पत्र भेजने की अनुशंसा की है।

वहीं, नकद पुरस्कार से जुड़े शेष आवेदनों और प्रशिक्षकों के आवेदनों पर निर्णय के लिए अगली बैठक आयोजित करने की भी अनुशंसा की गई है।