Banka News: बिहार के बांका जिले में आज तेज बारिश के दौरान आसमान से मौत बनकर गिरी बिजली ने जमकर कहर बरपाया। बारिश के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कुल 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, 4 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। इनमें से 3 की हालत काफी नाजुक बताई जा रही है। घटना को लेकर पूरे जिले के लोगों में शोक और डर का माहौल बना हुआ है।
अमरपुर में मजदूर की मौत
जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र में धान की रोपाई कर रहे मजदूर की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक मजदूर की पहचान अजय महतो के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार वज्रपात की चपेट में आने से अजय महतो गंभीर रूप से झुलस गया था, जिसे इलाज के लिए ग्रामीण अमसपुर के सदर अस्पताल पहुंचे। यहां पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे अंचल अधिकारी आकाशदीप सिन्हा ने पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधान के तहत सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
पिता-पुत्र समेत 3 की मौत
वहीं, बांका थाना क्षेत्र के खावा गांव में बिजली गिरने से पिता-पुत्र की जान चली गई। मृतकों की पहचान ब्रह्मदेव यादव (35) और उनके पुत्र प्रिंस कुमार (7) के रूप में हुई। हादसे के समय ब्रह्मदेव यादव खेत में काम कर रहे थे। जबकि उनका बेटा प्रिंस रविवार को स्कूल की छुट्टी होने के कारण उनके साथ खेत में ही मौजूद था। एक ही परिवार में दो मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर छा गई। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बांका थाना के गोलहू गांव में ही एक और किसान की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक विनोद यादव (35) पर उस समय आकाशीय बिजली गिरी जब वे खेत में थान की रोपाई कर रहे थे। इस तरह केवल बांका थाना क्षेत्र में ही तीन लोगों की मौत हो गई।
बाराहाट में किसान की मौत
इसके अलावा बाराहाट थाना क्षेत्र के डफरपुर गांव में भी किसान साधु ताती की ठनका गिरने से मौत हो गई। हादसे के समय वह भी अपने खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान आकाशीय बिजली उनके उपर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। आनन-फानन में लोग उन्हें लेकर बाराहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।
रजौन में 4 लोग झुलसे
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। वहीं, रजौन थाना क्षेत्र में वज्रपात की चपेट में आने से चार लोग झुलस गए। इनमें तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल भेजा गया। इस तरह केवल बांका जिले में ही आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 5 लोगों की मौत हो गई, जिसे लेकर पूरे जिले में भय और शोक की लहर है।
ये भी पढ़ें- ‘फोन कर मांगते थे 25-50 लाख’, EO विमल कुमार हत्याकांड में पत्नी ने डेहरी MLA पर लगाया गंभीर आरोप


