Bihar Politics: बिहार में इन दिनों नेताओं और मंत्रियों के बंगले पर खूब सियासत देखने को मिल रही है। इस बीच सरकार ने स्वास्थ्य मंत्री बनाए गए पूर्व सीएम निशांत कुमार को पांच देश रत्न मार्ग बंगला आवंटित किया है, जिसे लेकर राजद ने सवाल उठाया है। दरअसल यह 5 देशरत्न मार्ग आवास अब तक बिहार के डिप्टी सीएम को अलॉट होता रहा है। लेकिन जब सम्राट चौधरी बिहार के मुख्यमंत्री बने तो उन्होंने 5 देशरत्न मार्ग आवास को अटैच करने का आदेश जारी किया था। हालांकि हंगामा होने पर उन्होंने इस आदेश को रद्द कर दिया और अब यह बंगला निशांत कुमार को आवंटित किया गया है।

5 देशरत्न मार्ग आवास पर छिड़ी बहस

इस मुद्दे को लेकर मीडिया ने डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी के सामने सवाल उठाया तो उन्होंने कहा कि, 5 देशरत्न मार्ग आवास कभी नेता प्रतिपक्ष के पद पर बैठे व्यक्ति के लिए कर्णांकित किया ही नहीं गया, इसीलिए निशांत कुमार बिना किसी विरोधाभास के 5 देशरत्न मार्ग आवास में रह सकते हैं। डिप्टी सीएम के इस बयान को शेयर करते हुए राजद ने बिहार की जदयू-बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा है।

राजद ने वीडियो शेयर कर बोला हमला

राजद ने एक्स पर अपनी पोस्ट में लिखा कि, मीडिया के सामने जानबूझकर सफेद झूठ बोलते हुए थेथरई कैसे किया जाता है यह कोई उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी से सीखे। राजद ने कहा कि, जब नीतीश कुमार ने पलटी मारकर भाजपा का दामन थामा था तो नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को BJP JDU सरकार ने कहा था कि चूंकि अब से 5 देशरत्न मार्ग आवास उप मुख्यमंत्री पद के लिए कर्णांकित कर दिया गया है, अतः वह नेता प्रतिपक्ष होने के कारण 5, देशरत्न मार्ग आवास छोड़कर 1, पोलो रोड आवास, जो नेता प्रतिपक्ष के पद के लिए कर्णांकित कर दिया गया है, में जाएं।

बीजेपी-जदयू की मंशा पर उठाया सवाल

आज वही बीजेपी-जदयू की सरकार बड़ी निर्लज्जता से मीडिया के सामने ही सफेद झूठ बोल रही है कि 5 देशरत्न मार्ग आवास कभी नेता प्रतिपक्ष के पद पर बैठे व्यक्ति के लिए कर्णांकित किया ही नहीं गया। इसीलिए नीतीश कुमार के बेटे, बिहार पर थोपे गए स्वास्थ्य मंत्री, जो वर्तमान में बिहार के उप मुख्यमंत्री नहीं हैं, वह बिना किसी विरोधाभास के 5, देशरत्न मार्ग आवास में रह सकते हैं।

राजद ने आगे लिखा कि, BJP, JDU की मंशा स्पष्ट है कि हर क्षेत्र में अपनी ओछी राजनीति और दोगली मानसिकता का प्रदर्शन कर सत्ता का अहंकार दिखाना है। इससे यह भी स्पष्ट हो जाता है कि बिहार पर एक बीमार उप मुख्यमंत्री निशांत कुमार के रूप में थोपा जाने वाला है।

ये भी पढ़ें- ‘ई सब नीतीश के इशारे पर हो रहा’, राबड़ी आवास और सुरक्षा विवाद पर लालू यादव का बड़ा बयान