कुंदन कुमार, पटना। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने राबड़ी आवास और बिहार सरकार द्वारा सुरक्षा वापस लिए जाने पर बड़ा बयान दिया है। पटना में राबड़ी आवास से बाहर निकलते समय जब मीडिया ने लालू यादव से बिहार सरकार द्वारा आवास खाली कराने और सुरक्षा वापस लेने को लेकर सवाल किया तो लालू यादव ने कहा कि, सबकुछ नीतीश कुमार के इशारे पर हो रहा है। इतना कहने के बाद वह आगे के लिए रवाना हो गए।
जानें क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि बिहार में राबड़ी आवास (10 सर्कुलर रोड) को लेकर एक बार फिर से माहौल गरमाया हुआ है। दरअसल भवन निर्माण विभाग की ओर से दिए गए 15 दिनों में आवास खाली करने का समय सीमा खत्म हो चुका है। बावजूद इसके राबड़ी देवी ने अभी तक अपना आवास खाली नहीं किया है। इसके अलावा सरकार ने हालही में लालू यादव, राबड़ी देवी और तेज प्रताप यादव की सुरक्षा में भारी कटौती की थी, जिसे लेकर भी खूब सियासत देखने को मिला था।
वहीं, अब राजद सुप्रीमो लालू यादव ने इसके लिए सीधे-सीधे पूर्व सीएम नीतीश कुमार को जिम्मेदार ठहराया है। ऐसे में अब यह देखने वाली बात होगी की लालू के इस बयान पर जदयू व एनडीए के नेताओं की क्या कुछ प्रतिक्रिया सामने आती है।
राबड़ी देवी ने बिहार सरकार को लिखा है पत्र
इस बीच कल मंगलवार (17 जून) को राबड़ी देवी ने बिहार सरकार को एक पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने आवास को खाली नहीं करने की वजह बताई है। बिहार सरकार को लिखे पत्र में राबड़ी देवी ने लालू यादव के स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का हवाला देते हुए कहा है कि डॉक्टर ने उन्हें खास सावधानी बरतने की सलाह दी है। डॉक्टर के मुताबिक लालू यादव को संक्रमण का खतरा बना रहता है, जिसके लिए 10 सर्कुलर आवास में उनके रहने के लिए विशेष कमरे की व्यवस्था की गई है।
विशेष कमरे की व्यवस्था करने की अपील
साथ ही पत्र के माध्यम से राबड़ी देवी ने बिहार सरकार से यह अनुरोध किया है कि भवन निर्माण विभाग की ओर से उन्हें जो नया बंगला (39 हार्डिंग रोड आवास) मिला है, उसमें 10 सर्कुलर आवास जैसा ही व्यवस्था की जाए। राबड़ी ने 10 सर्कुलर आवास की तरह 39 हार्डिंग रोड आवास में भी लालू यादव के लिए विशेष कमरे की व्यवस्था करने की अपील की है। उन्होंने आगे लिखा कि, जब बंगले का रिनोवेशन पूरा हो जाएगा, तो वे 39 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास में शिफ्ट हो जाएंगी।
आवास खाली करने के मूड में नहीं राबड़ी देवी
गौरतलब है कि बिहार सरकार और भवन निर्माण विभाग द्वारा बार-बार नोटिस भेजे जाने के बाद भी राबड़ी देवी 10 सर्कुलर रोड (राबड़ी आवास) को खाली करने के मूड में नहीं हैं। वहीं, अब प्रशासन और सरकार की ओर से उन्हें बंगला खाली करने को लेकर दी गई 15 दिनों की मोहलत भी समाप्त हो गई है। बता दें कि विभाग द्वारा यह बंगला बिहार सरकार में दलित मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया गया है, जिसके बाद से प्रशासन और विभाग राबड़ी देवी पर बंगला खाली करने का दबाव बना रही है। वहीं, राबड़ी देवी को 39 हार्डिंग रोड बंगला आवंटित किया गया है।
ये भी पढ़ें- सम्राट कैबिनेट की अहम बैठक आज, शिक्षा और रोजगार समेत इन अहम प्रस्तावों पर लगेगी मुहर

