कुंदन कुमार, पटना। बिहार में एक बार फिर से पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल हुआ है। गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार 5 IPS, 8 DSP और 1 SP का तबादला हुआ है। अधिसूचना के मुताबिक, 1997 बैच के वरिष्ठ आईपीएस संजय सिंह को अब अपर पुलिस महानिदेशक (सुरक्षा), बिहार, पटना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा उन्हें अपर पुलिस महानिदेशक (बजट, अपील एवं कल्याण) का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

IPS आनंद कुमार को मिली बड़ी जिमेदारी

यह फेरबदल राज्य की कानून व्यवस्था, सुरक्षा और पुलिसिंग को अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। 2012 बैच IPS आनंद कुमार को पुलिस उप-महानिरीक्षक (सुरक्षा), बिहार, पटना के पद पर नई जिम्मेदारी दी गई है, और वे अपने वर्तमान पद पुलिस उप-महानिरीक्षक (विधि-व्यवस्था), बिहार, पटना के अतिरिक्त प्रभार में भी बने रहेंगे। इसके अलावा, 2011 बैच के IPS आदित्य कुमार को समादेष्टा, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-14, पटना के पद पर तैनात करते हुए पुलिस अधीक्षक (ई०), अपराध अनुसंधान विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

वैभव शर्मा बने नवगछिया के एसपी

वहीं, 2016 बैच के IPS राजेश कुमार को पुलिस अधीक्षक, साइबर अनुसंधान एवं अभियान, आर्थिक अपराध इकाई, बिहार, पटना के पद पर तैनात किया गया है। इससे पहले वह नवगछिया के पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यरत थे। वहीं दूसरी ओर, आर्थिक अपराध इकाई में इस पद पर पहले से कार्यरत 2018 बैच के IPS वैभव शर्मा को अब नवगछिया का नया पुलिस अधीक्षक (SP) नियुक्त किया गया है।

ये भी पढ़ें- Samrat Cabinet Meeting: सम्राट कैबिनेट की अहम बैठक समाप्त, कुल 13 प्रस्तावों पर लगी मुहर