अजय सैनी, भिवानी। गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी भिवानी पर्यावरण शुद्धिकरण समिति 15 अगस्त को पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विशेष पहल करेगी। समिति पहले लगाए गए पौधों के नीचे देसी घी के दीपक जलाकर उनका जन्मदिन मनाएगी। साथ ही स्वतंत्रता दिवस पर 51 नए पौधे लगाए जाएंगे।

पौधों के नीचे जलाए जाएंगे दीपक

समिति के संयोजक के.के. वर्मा ने बताया कि 15 अगस्त को सुबह 7 बजे पवार हॉस्पिटल के सामने पतंजलि योग समिति कार्यालय में और सुबह 9 बजे बाल सेवा आश्रम में ध्वजारोहण के बाद पौधों के नीचे देसी घी के दीपक जलाए जाएंगे। इस पहल के जरिए पौधों की देखभाल के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।

51 नए पौधे लगाने की तैयारी

समिति की ओर से शहर के सुरक्षित स्थानों और पार्कों में 51 नए पौधे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही ‘कबाड़ से जुगाड़’ पहल के तहत तैयार किए गए पक्षियों के घोंसले, दाना-पानी के टीन व प्लेटफॉर्म तथा गायों के लिए गो-ग्रास पात्र और खोर शहर के अलग-अलग स्थानों पर रखे जाएंगे।

समिति के अनुसार ये सभी उपकरण आमजन को 26, पुराना हाउसिंग बोर्ड स्थित समिति की वर्कशॉप से नि:शुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। नागरिक इन्हें लेकर अपने आसपास या पार्कों में स्थापित कर सकते हैं।

पौधों का जन्मदिन मनाने की अपील

के.के. वर्मा ने शहरवासियों और पर्यावरण प्रेमियों से अपने लगाए पौधों का जन्मदिन मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग पौधों की तस्वीरें और वीडियो अलग-अलग व्हाट्सएप ग्रुप में साझा करें, ताकि पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़े।

उन्होंने कहा कि पौधों का जन्मदिन मनाने के बहाने उनकी नलाई-गुड़ाई और देखभाल भी आसानी से हो सकेगी।

पर्यावरण संरक्षण को जन अभियान बनाने पर जोर

वर्मा ने कहा कि कोरोना काल में ऑक्सीजन संकट की स्थिति देखी गई है। बड़े शहरों में प्रदूषण की समस्या भी सामने है। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण के लिए केवल सरकार पर निर्भर रहने के बजाय इसे जन-अभियान बनाने की जरूरत है।

समिति ने नागरिकों से पेड़ों की कटाई रोकने, पौधों का संरक्षण करने और पॉलिथीन सहित अनावश्यक प्रदूषण फैलाने वाली वस्तुओं का इस्तेमाल बंद करने की अपील की। साथ ही जलवायु परिवर्तन से जुड़ी आपदाओं से बचाव के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाने और स्वतंत्रता दिवस पर भिवानी को हरा-भरा बनाने में भागीदारी की अपील की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m