नाहन (सिरमौर): हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में बुधवार शाम हरियाणा से आए पर्यटकों और ट्रैफिक पुलिस के बीच विवाद हो गया। महलात क्षेत्र में नो-पार्किंग जोन में खड़ी कार हटाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हंगामे में बदल गई। आरोप है कि कुछ पर्यटकों ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस एक युवक को अपने साथ गुन्नुघाट पुलिस चौकी ले गई।

बताया जा रहा है कि हरियाणा नंबर की कार महलात क्षेत्र में नो-पार्किंग जोन में खड़ी थी। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन हटाने के लिए कहा तो कार सवार पर्यटकों और पुलिसकर्मियों के बीच बहस शुरू हो गई। कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

पुलिस से धक्का-मुक्की का आरोप

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान कुछ युवकों ने पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। आरोप है कि एक युवक ने ट्रैफिक प्रभारी के साथ हाथापाई करने का प्रयास किया और नाखून से हमला करने की कोशिश भी की। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, एक युवक लगातार आक्रामक व्यवहार करता रहा। इस दौरान एक-दो युवतियां भी वहां मौजूद थीं। करीब 45 मिनट तक मौके पर हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।

सड़क के बीच कार खड़ी करने से यातायात प्रभावित

विवाद के दौरान कार को सड़क के बीच खड़ा किए जाने से यातायात भी प्रभावित हुआ। हंगामा बढ़ता देख स्थानीय लोग भी मौके पर जमा हो गए। कुछ लोगों ने युवकों के साथ मारपीट करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया। तनाव बढ़ने की आशंका को देखते हुए गुन्नुघाट चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और पुलिस टीम की मदद से एक युवक को कार से बाहर निकालकर चौकी ले गए।

हरियाणा नंबर की कार कब्जे में

पुलिस ने मौके से हरियाणा नंबर की कार HR-07-AG-7821 को कब्जे में लिया है। पुलिस अब विवाद में शामिल लोगों की पहचान और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों का यह भी दावा है कि विवाद से पहले कुछ युवक भीड़भाड़ वाले इलाके में सार्वजनिक स्थान पर कथित तौर पर अभद्र व्यवहार कर रहे थे। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m