दिनारपुर में आयोजित तीन दिवसीय 55वीं क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। शूटिंग और वॉलीबॉल में विजेताओं को सम्मानित किया गया।
अनिल शर्मा,अंबाला। खंड साहा के गांव दिनारपुर में 55वीं क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता का दूसरा दिन रोमांच और उत्साह से भरपूर रहा। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1, अंबाला छावनी के प्रधानाचार्य के मार्गदर्शन और गुरुग्राम क्षेत्र के सहायक आयुक्त भूपेश भट्ट के नेतृत्व में देव गुरुकुल में यह आयोजन किया गया है। प्रतियोगिता में गुरुग्राम क्षेत्र के विभिन्न केंद्रीय विद्यालयों की छात्राएँ आर्चरी, हैंडबॉल, जूडो, कुश्ती, रोप स्किपिंग, शतरंज, टेबल टेनिस, खो-खो, कबड्डी, ताइक्वांडो, वॉलीबॉल, योग, मल्लखंभ और शूटिंग जैसे खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। पूरे दिन चले कड़े मुकाबलों में खिलाड़ियों ने खेल भावना और उत्कृष्ट अनुशासन का परिचय दिया।
शूटिंग और वॉलीबॉल के विजेता खिलाड़ी
आज की प्रतियोगिताओं में शूटिंग में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2, फरीदाबाद की गरिमा ने प्रथम, इसी विद्यालय की गायत्री ने द्वितीय और पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बुधायन की वंशिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, वॉलीबॉल में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय घुमारवीं की टीम प्रथम, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय सोहना रोड, गुरुग्राम की टीम द्वितीय और पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय अलहिलाल की टीम तृतीय स्थान पर रही। अन्य स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा। आयोजन समिति ने सभी विजेता खिलाड़ियों को पदक और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। इन खेलों के माध्यम से छात्राएँ न केवल अपनी शारीरिक क्षमता दिखा रही हैं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर के लिए भी तैयार हो रही हैं।
व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम खेल
सहायक आयुक्त भूपेश भट्ट ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ छात्रों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का शानदार अवसर प्रदान करती हैं। प्रतियोगिता स्थल पर आवास, भोजन, चिकित्सा और सुरक्षा की बेहतरीन व्यवस्थाएं की गई हैं। आयोजन समिति, प्रशिक्षकों और स्वयंसेवकों ने खेलों को सुचारू बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। तीन दिवसीय इस खेल महाकुंभ का समापन कल होगा, जिसमें विभिन्न खेलों के रोमांचक फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। सभी खिलाड़ी इन मुकाबलों के लिए पूरी तरह से तैयार हैं और जीत के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने को बेताब हैं।

