वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के वेना थाना क्षेत्र में बख्तियारपुर-बिहारशरीफ नेशनल हाईवे पर अरौत पेट्रोल पंप के सामने आज शुक्रवार को एक तेज रफ्तार ऑटो ने सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक समेत करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए।
सभी घायलों का इलाज जारी
घटना की सूचना मिलते ही वेना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को पुलिस वाहन से बिहारशरीफ सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां सभी का इलाज चल रहा है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। घायलों की पहचान अंजनी कुमारी पति प्रदीप कुमार, सोनू कुमार और आकाश कुमार दोनों पिता अशोक कुमार निवासी भराव पर, सोनू कुमार पिता अमरकांत सिंह, रीना देवी पति प्रमोद सिंह निवासी नैनी तथा एक अन्य के रूप में हुई है।
गैस कटर से ऑटो काटकर रेस्क्यू
वेना थाना अध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो में सवार दो युवक ऑटो और ट्रक के बीच बुरी तरह फंस गए। दोनों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। गैस कटर की मदद से ऑटो को काटकर दोनों युवकों को बाहर निकाला गया।
ये भी पढ़ें- मुआवजा और नौकरी के ऐलान से भरत तिवारी का परिवार खुश नहीं, सरकार से कर दी ये बड़ी मांग


