फखरपुर, बहराइच। जिले के फखरपुर थाना क्षेत्र के जोगिन पुरवा गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में जहरीले सांप के काटने से 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

साफ-सफाई कर रही थी महिला

जानकारी के अनुसार, जोगिन पुरवा गांव निवासी 60 वर्षीय महिला रविवार सुबह करीब सात बजे अपने घर के सामने साफ-सफाई कर रही थीं। इसी दौरान वह भूसे के ढेर में फंसी घास निकाल रही थीं। तभी भूसे में छिपे एक जहरीले सांप ने उनके हाथ में डस लिया। सांप के काटते ही महिला की तबीयत बिगड़ने लगी और वह बेहोश होकर गिर पड़ी।

READ MORE: ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में शामिल हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, बोले- वृक्षारोपण जनभागीदारी से ही होगा सफल

इलाज के दौरान तोड़ा दम

परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया। हालांकि उनकी हालत लगातार गंभीर बनी रही और इलाज के दौरान दोपहर करीब 12 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।

READ MORE: वृक्षारोपण अभियान पर अखिलेश का हमला, बोले- BJP के लिए वृक्षारोपण नहीं, भ्रष्टारोपण का कार्यक्रम

घटना की सूचना मिलते ही फखरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों ने लोगों से बरसात के मौसम में भूसे के ढेर, झाड़ियों और घास-फूस के आसपास काम करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है, क्योंकि इस मौसम में सांपों के निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं।