गुमला। गुमला के भरनो प्रखंड में बुधवार की सुबह जंगली हाथी के हमले में एक बुजुर्ग ग्रामीण की जान चली गई। घटना मारासिली पंचायत के महूगांव टंगरा टोली में सुबह करीब 5 बजे हुई। मृतक की पहचान 65 वर्षीय शनि उरांव के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक शनि उरांव सुबह शौच के लिए घर से बाहर निकले थे। वह गांव से कुछ दूरी पर झाड़ियों की ओर गए थे। इसी दौरान उनका सामना वहां मौजूद जंगली हाथी से हो गया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, हाथी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
हाथी ने बुजुर्ग को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। हादसे के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है।
गांव के आसपास लगातार मंडरा रहा हाथियों का खतरा
ग्रामीणों का कहना है कि भरनो प्रखंड के अलग-अलग इलाकों में जंगली हाथियों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। हाथियों के आबादी वाले इलाकों के करीब पहुंचने से ग्रामीणों में हमेशा डर बना रहता है।
ग्रामीणों के अनुसार कई बार लोग हाथियों को भगाने या करीब से देखने की कोशिश करते हैं। इस दौरान हाथियों को छेड़े जाने पर वे आक्रामक हो सकते हैं और मानव बस्तियों में घुसकर नुकसान पहुंचा सकते हैं।
वन विभाग से सुरक्षा और मुआवजे की मांग
घटना की सूचना वन विभाग और प्रशासन को दे दी गई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि इलाके में हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए और लोगों को समय रहते सतर्क किया जाए।
इसके साथ ही हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने और मृतक के परिवार को नियमानुसार मुआवजा देने की मांग भी ग्रामीणों ने की है।



