दिल्ली में करोड़ों का घर, महंगे होटल और विदेश यात्राएं; सीबीआई जांच में रिभव ऋषि की निजी जिंदगी से जुड़े खर्चों का भी जिक्र
चंडीगढ़।। 657 करोड़ रुपये के कथित बैंक घोटाले की जांच आगे बढ़ने के साथ अब आरोपी रिभव ऋषि की निजी जिंदगी और उसके खर्चों से जुड़ी कई जानकारियां भी सामने आई हैं। सीबीआई की जांच में एक महिला डांसर के साथ उसके कथित संबंध, महंगी जीवनशैली, दिल्ली में संपत्ति खरीदने और विदेश यात्राओं का जिक्र हुआ है। महिला ने जांच एजेंसी को दिए बयान में कई खर्चों और यात्राओं के बारे में जानकारी दी है। इन दावों की जांच सीबीआई कर रही है।
चंडीगढ़ के कार्यक्रम से शुरू हुई मुलाकात
सीबीआई के मुताबिक, रिभव ऋषि और महिला की पहली मुलाकात मार्च-अप्रैल 2025 के दौरान चंडीगढ़ में एक कार्यक्रम में हुई थी। महिला वहां डांस प्रस्तुति देने पहुंची थी। इसके बाद दोनों की दोबारा मुलाकात हुई और 8 मई 2025 को जयपुर की एक फार्महाउस पार्टी में दोनों साथ मिले।
महिला के बयान के अनुसार, 5 जुलाई 2025 को मुंबई के सेंट रेजिस होटल में मुलाकात के दौरान ऋषि ने उससे अपने प्यार का इजहार किया। महिला ने बताया कि ऋषि ने खुद को इवेंट प्लानर और चावल के कारोबार से जुड़ा कारोबारी बताया था। उसने बैंक में ब्रांच मैनेजर के रूप में काम करने की बात भी कही थी।
शादी का वादा करने का आरोप
महिला ने सीबीआई को बताया कि ऋषि ने अपनी पत्नी से तलाक लेकर उससे शादी करने की बात कही थी। उसके मुताबिक, ऋषि ने उसे और उसके परिवार की जिम्मेदारी उठाने का भरोसा भी दिया था।
इसी अवधि को लेकर सीबीआई की जांच में सरकारी विभागों के खातों से कथित तौर पर रकम निकाले जाने का मामला भी सामने आया। एजेंसी का आरोप है कि इस पूरे मामले में ऋषि के साथ कुछ अधिकारियों और बैंक कर्मचारियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
दिल्ली में करोड़ों की संपत्ति का मामला
जांच के दौरान दिल्ली के द्वारका में खरीदे गए एक घर का भी जिक्र सामने आया है। महिला के मुताबिक, 18 जुलाई 2025 को इस घर की बुकिंग के लिए 1 लाख रुपये दिए गए थे।
महिला ने दावा किया कि घर के लिए करीब 3.10 करोड़ रुपये नकद दिए गए। इसमें 49 लाख रुपये उसने लगाए थे, जबकि बाकी रकम ऋषि ने दी थी। संपत्ति के लिए 90 लाख रुपये और दिए जाने थे, जिनमें से 65 लाख रुपये का भुगतान होने की बात महिला ने बताई। उसके अनुसार, वह जनवरी 2026 से इस घर में रह रही है।
छह महीने में 56 लाख रुपये देने का दावा
महिला ने सीबीआई को बताया कि अगस्त 2025 से जनवरी 2026 के बीच ऋषि ने उसे हर महीने करीब 10 लाख रुपये दिए। उसके मुताबिक, छह महीने में यह रकम लगभग 56 लाख रुपये हुई।
महिला का दावा है कि यह पैसा उसे डांस का काम छोड़ने के बदले दिया गया था। उसने यह भी बताया कि ऋषि की आयोजित कुछ पार्टियों में ही उसने प्रस्तुति दी थी।
पार्टियों में लाखों रुपये खर्च होने का दावा
महिला के बयान के मुताबिक, चंडीगढ़ और जीरकपुर के जेड मैनर में कई पार्टियां आयोजित होती थीं। इन कार्यक्रमों में हरियाणा सरकार के कुछ अधिकारियों और अन्य लोगों के शामिल होने का दावा किया गया है।
महिला ने बताया कि आयोजक को प्रत्येक कार्यक्रम के लिए करीब 2 लाख रुपये दिए जाते थे। उसके मुताबिक, आयोजक नितिन आनंद अलग-अलग कार्यक्रमों के लिए 5 से 6 डांसरों की व्यवस्था करता था। एक पार्टी पर करीब 15 से 20 लाख रुपये खर्च होने की बात जांच में सामने आई है।
मकाऊ, थाईलैंड और दुबई तक यात्राएं
सीबीआई को दिए बयान में महिला ने कई विदेश यात्राओं का भी जिक्र किया। उसके मुताबिक, अगस्त 2025 में वह ऋषि और कुछ अन्य लोगों के साथ मकाऊ गई थी। इसके बाद समूह थाईलैंड भी गया।
21 नवंबर 2025 को ऋषि के साथ दुबई जाने की बात भी महिला ने बताई। इस यात्रा में कुछ अन्य लोगों के शामिल होने का भी जिक्र है। इसके अलावा दोनों के कई महंगे होटलों में ठहरने की जानकारी भी जांच में सामने आई है।
बुर्ज अल अरब में ठहरने का दावा
महिला के मुताबिक, दुबई यात्रा के दौरान वह ऋषि के साथ बुर्ज अल अरब में रुकी थी। इसके अलावा ऋषि उसे एयरपोर्ट के पास एक 4 BHK डुप्लेक्स दिखाने भी ले गया था।
महिला का दावा है कि ऋषि भविष्य में दुबई में बसने की योजना की बात करता था। जनवरी 2026 में दोनों के दोबारा दुबई जाने और वहां टोयोटा लैंड क्रूजर बुक करने की जानकारी भी उसके बयान में है।
सरकारी अधिकारियों के पार्टियों में पहुंचने का आरोप
महिला ने सीबीआई को बताया कि जेड मैनर में होने वाली पार्टियों के लिए करेंसी नोटों का इंतजाम ऋषि करता था। उसके आरोप के मुताबिक, कुछ सरकारी अधिकारी डांसरों पर पैसे उड़ाते थे।
महिला ने कई लोगों के इन पार्टियों में शामिल होने की बात कही है। इनमें अभय कुमार, नरेश कुमार भुवानी, अभिषेक सिंगला, अरुण शर्मा, अंकुर शर्मा और आईएएस अधिकारी पंकज अग्रवाल के नाम का भी जिक्र है। महिला ने दावा किया कि पंकज अग्रवाल ऐसी कई पार्टियों में शामिल हुए थे।
इन आरोपों की पुष्टि स्वतंत्र रूप से नहीं हुई है और ये महिला के सीबीआई को दिए बयान का हिस्सा हैं।
सीबीआई ने महिला का फोन भी जब्त किया
जांच के दौरान सीबीआई ने महिला का Samsung Z Fold फोन भी जब्त किया है। एजेंसी इस डिवाइस और दूसरे उपलब्ध रिकॉर्ड के जरिए आरोपों से जुड़े लेनदेन और संपर्कों की जांच कर रही है।
महिला ने कुछ लोगों पर पार्टियों के दौरान एस्कॉर्ट सेवाएं लेने का भी आरोप लगाया है। यह भी उसके बयान में शामिल दावा है, जिसकी जांच एजेंसी के स्तर पर की जा रही है।
ऋषि और उसकी पत्नी के खातों में करोड़ों की रकम
सीबीआई के अनुसार, रिभव ऋषि के निजी खातों में SRR प्लानिंग गुरु से करीब 5.40 करोड़ रुपये और स्वास्तिक देश प्रोजेक्ट्स से करीब 1.50 करोड़ रुपये आने की जानकारी जांच में मिली है।
इसके अलावा उसकी पत्नी दिव्या अरोड़ा के बैंक खातों में करीब 18.32 करोड़ रुपये पहुंचने की बात भी सीबीआई की जांच में सामने आई है।
187 करोड़ रुपये के लेनदेन पर भी जांच
सीबीआई का आरोप है कि ऋषि ने सरकारी खातों से कम से कम 25 संदिग्ध डेबिट ट्रांजैक्शन को मंजूरी दी। इन लेनदेन की कुल रकम करीब 187.35 करोड़ रुपये बताई गई है।
जांच एजेंसी का दावा है कि पूरे मामले में सरकारी धन की निकासी, निजी खातों में रकम पहुंचने और उससे जुड़े खर्चों की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है। फिलहाल इन सभी आरोपों और लेनदेन की जांच जारी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


