वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिला पुलिस ने जिले में सक्रिय साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कतरीसराय थाना क्षेत्र के ताराबिगहा गांव से 7 साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से ठगी में इस्तेमाल होने वाले 19 मोबाइल फोन, 13 एटीएम कार्ड, एक टैब, एक सिम कार्ड, पांच बैंक पासबुक, दो चेकबुक और 2 लाख 28 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
सस्ता लोन का झांसा देकर करते थे ठगी
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर राजगीर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजीत कुमार गुप्ता के नेतृत्व में कतरीसराय, गिरियक और पावापुरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार की सुबह करीब 4 बजे ताराबिगहा गांव में छापेमारी की। उन्होंने बताया कि शुरुआती पूछताछ में आरोपियों के साइबर ठगी से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी लोगों को सस्ते लोन का झांसा देकर अपने जाल में फंसाते थे।
लॉटरी रकम की देते थे लालच
इसके अलावा लॉटरी में बड़ी रकम निकलने की बात कहकर भी लोगों से ठगी की जाती थी। आरोपी फोन या दूसरे माध्यमों से लोगों से संपर्क करते थे। बातचीत के दौरान उन्हें आसान लोन या लॉटरी में बड़ी रकम मिलने का लालच दिया जाता था। इसके बाद अलग-अलग बहाने बनाकर उनसे रुपये की मांग की जाती थी।
3 सगे भाई समेत 7 गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में ताराबिगहा निवासी गोलू कुमार, कुंदन कुमार, पंकज कुमार, आदित्य कुमार उर्फ चिंटू और दीपक कुमार शामिल हैं। इनके अलावा बिंद थाना क्षेत्र के जमसारी निवासी रवि कुमार और शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र के किशनपुर निवासी मनोज कुमार को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ साइबर ठगी मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसमें गोलू, कुंदन और पंकज सगे भाई बताए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें- PM के जन्मदिन पर ‘आशीर्वाद का दीया’, तेजस्वी बोले- बाढ़ में डूबे बिहार का जिया जलाएगी बेशर्म सरकार



