Bihar Politics: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कल 17 सितंबर को जन्मदिन है। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी 17 सितंबर से एक महीने यानी 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर पूरे बिहार में 10 लाख दीपक जलाये जायेंगे और 8000 कार्यकर्ता रक्तदान करेंगे। यह 10 लाख दीपक विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी जलाएंगे। पीएम मोदी के जन्मदिन पर एक महीने तक 13 अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें युवा, महिला, पुरुष, छात्र उद्यमी सहित समाज के सभी लोग शामिल होंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने एक वीडियो संदेश जारी कर देशवासियों से पीएम मोदी के जन्मदिन पर शाम 6 से 7 बजे के बीच अपने-अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने और उनकी दीर्घायु तथा उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना करने की अपील की है। नितिन नबीन की इस अपील पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की तिखी प्रतिक्रिया सामने आई है।

तेजस्वी ने बिहार सरकार को बताया बेशर्म

तेजस्वी यादव ने पटना में मीडिया से बात करते हुए कहा कि, बेशर्म बिहार सरकार कल प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर ‘आशीर्वाद का दीया’ नामक सरकारी कार्यक्रम का आयोजन कर बिहार जैसे गरीब राज्य में 100 करोड़ रूपए का दीया-बाती व तेल के साथ-साथ बाढ़ प्रभावितों का जिया भी जलाएगी।

उन्होंने कहा कि, बिहार बाढ़ से त्राहिमाम कर रहा है, 49 लाख लोग बाढ़ प्रभावित है। उनकी सहायता करने की बजाय डबल इंजन सरकार मोदी के प्रचार में 100 करोड़ रूपए नाले में प्रवाहित करेगी। तेजस्वी ने इसे शर्मनाक बताया और कहा कि भाजपा को कोई लोकलाज नहीं है। यह घोर निंदनीय है।

पीएम मोदी ने जनता को ठगने का काम किया- तेजस्वी

वहीं, यूपीआई शुल्क पर तेजस्वी यादव ने कहा कि, पीएम मोदी ने सिर्फ देश की जनता को ठगने का काम किया है। उन्होंने कहा कि, ATM से पैसा निकाले तो उसमें अतिरिक्त मूल्य देना पड़ता है। हर चीज का कर बढ़ गया है। अब UPI में 2000 रुपये से अधिक ट्रांज़ैक्शन करने पर चार्ज लगेगा। जनता को इन लोगों ने बर्बाद कर दिया है जनता पहले से ही महंगाई से मर रही है। क्योंकि अभी कही चुनाव नहीं है, जब चुनाव आएगा तो ये फैसले रोक दिए जाएंगे और चुनाव के बाद फिर से ये सब लागू कर दिया जाएगा।

ये भी पढ़ें-  ‘नीतीश के लिए यह पाप धोने का समय’, जानें भाई वीरेंद्र ने पूर्व CM के लिए क्यों कही ये बात?