Bihar Politics: बिहार में इन दिनों UCC के मुद्दे को लेकर सियासत तेज हो गई है। बिहार में एनडीए का अहम हिस्सा होते हुए जदयू ने साफ तौर पर कहा है कि प्रदेश में किसी भी कीमत पर यूसीसी नहीं लागू होगा। वहीं, इस बीच मनेर से राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने पूर्व सीएम और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार को महागठबंधन में आने और सरकार बनाने का प्रस्ताव दिया है।
नीतीश के लिए यह पाप धोने का समय-भाई वीरेंद्र
नीतीश कुमार को दिए गए प्रस्ताव को लेकर जब भाई वीरेंद्र से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि, मेरा बयान स्पष्ट है। वो राजनीति में समाजवादी पृष्ठभूमि के रहे हैं। यहां भाजपा के पैर जमाने का काम उन्होंने ही किया है। अगर वो ऐसा पाप नहीं करते तो शायद यहां भाजपा नहीं पनपती। मैंने इसलिए कहा कि अब इस पाप को धोने का समय आ गया है। अब UCC का मामला आया है और आप भी स्पष्ट हैं कि ये बिहार में लागू नहीं होगा। आप इस मुद्दे पर भाजपा से अलग होइए और महागठबंधन में आइए। हम मिलकर सरकार बनाते हैं और भाजपा को भगाते हैं।
‘सभी धर्म के लोगों ने लड़ी आजादी की लड़ाई’
वहीं, UCC के मुद्दे पर राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि, देश जब गुलाम था, तब आजादी की लड़ाई सभी धर्म के लोगों ने लड़ी। सभी ने अपनी जान की कुर्बानी देकर इस देश को आजाद करवाया। ऐसा इसलिए नहीं किया था कि इस देश में UCC लागू हो। यह देश धर्म निरपेक्ष राष्ट्र है और यहां सभी धर्म के लोगों को अपना-अपना धर्म मानने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि, UCC यहां लागू नहीं हो सकता। देश में महंगाई है, बेरोजगारी है, अपराध पर लगाम नहीं लग रहा है; तो ध्यान भटकाने के लिए इस विषय को लाया गया है कि हम NDA शासित राज्यों में इसे लागू करेंगे। ऐसे कैसे लागू कर देंगे? जो मन करेगा, वो करेंगे क्या? हम इसका कड़ा विरोध करेंगे।
राजद सांसद मनोज झा का बयान
वहीं, राजद सासंद मनोज झा ने UCC पर कहा कि, जो लोग भी UCC की बात करते हैं उनके लिए यह डॉग व्हिसल पॉलिटिक्स है। वो एक ऐसा उपकरण है जिसके माध्यम से सामुहिक और अधिक चुनौती वाले मुद्दों पर बात न हो। अभी मोहन भागवत विदेश गए थे। वहां उन्होंने कहा कि एकता के लिए एकरुपता की आवश्यकता नहीं है। यह तो अमित शाह और बाकी लोगों ने भी सुना होगा। आज की तारीख में आय की असमानता, बेरोजगारी, बदहाल शिक्षा व्यवस्था चुनौती है और आप UCC की बात कर रहे हैं। ये काम नहीं करेगा।
उन्होंने बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए बिहार जाने वाली केंद्रीय टीम पर कहा कि, केंद्रीय टीम ने बहुत देर कर दी। इसे बिहार का दुर्भाग्य ही कहेंगे। अभी अगर चुनाव होता तो 150 लोग बैठे होते, पूरा मंत्रीमंडल बैठा होता लेकिन बिहार की बदहाली की चिंता नहीं है।
ये भी पढ़ें- केंद्रीय मंत्री शिवराज और सीएम सम्राट ने राघोपुर में बाढ़ से बर्बाद फसलों का किया दौरा



