दिल्ली नगर निगम (MCD) के प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले लाखों बच्चों को आर्थिक सहायता देने के साथ उनकी शिक्षा को आधुनिक बनाने की दिशा में भी कदम उठाए गए हैं। टैगोर गार्डन स्थित निगम प्राथमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से करीब 5.25 लाख विद्यार्थियों के बैंक खातों में कुल 71.93 करोड़ रुपये की सहायता राशि भेजी। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने निगम के 24 प्राथमिक विद्यालयों को पीएमश्री और सीएमश्री की तर्ज पर ‘निगम श्री विद्यालय’ के रूप में विकसित करने की घोषणा की है। इन स्कूलों में पारंपरिक पढ़ाई के साथ तकनीक, विज्ञान और प्रयोग आधारित शिक्षा को बढ़ावा दिया जाएगा।

वर्दी और बैग के लिए हर बच्चे के खाते में भेजे गए 1,370 रुपये

दिल्ली नगर निगम के प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को स्कूल यूनिफॉर्म और बैग खरीदने के लिए आर्थिक सहायता दी गई है। इसके तहत प्रत्येक छात्र के खाते में 1,370 रुपये भेजे गए हैं। इसमें स्कूल यूनिफॉर्म के लिए 1,250 रुपये और स्कूल बैग के लिए 120 रुपये निर्धारित किए गए हैं। इस योजना के तहत करीब 5.25 लाख विद्यार्थियों के बैंक खातों में कुल 71.93 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की गई है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए केवल बजट और सुविधाएं बढ़ाना पर्याप्त नहीं है। इसके लिए सरकारी संस्थानों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और निजी संगठनों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि बच्चों की जरूरतों को पूरा करने के लिए दी जाने वाली आर्थिक सहायता से अभिभावकों पर पड़ने वाला आर्थिक दबाव भी कम होगा।

24 निगम स्कूलों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

दिल्ली नगर निगम के 24 प्राथमिक विद्यालयों को ‘निगम श्री विद्यालय’ के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है। महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि इन स्कूलों में विद्यार्थियों को निजी स्कूलों की तर्ज पर आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इस योजना में टैगोर गार्डन स्थित निगम विद्यालय को भी शामिल किया गया है। इस पहल का उद्देश्य केवल स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सीखने के तरीके को भी बेहतर बनाना है। इसके तहत आधुनिक उपकरणों और विज्ञान आधारित गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को पढ़ाई के व्यावहारिक पहलुओं से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा। महापौर ने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शिक्षकों के लिए शिक्षण सामग्री और परीक्षाएं आयोजित करने से जुड़े खर्चों के लिए निगम को आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इससे स्कूलों में शिक्षण कार्य और परीक्षा व्यवस्था के लिए जरूरी संसाधन जुटाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

निगम स्कूलों को मिले 1,500 कंप्यूटर प्रिंटर

कार्यक्रम के दौरान आईडीबीआई बैंक ने अपने कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) कोष के तहत दिल्ली नगर निगम के स्कूलों को 1,500 कंप्यूटर प्रिंटर उपलब्ध कराए। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में सौंपे गए इन उपकरणों का इस्तेमाल शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ प्रशासनिक कार्यों में भी किया जाएगा। इस पहल में निजी संस्थानों के सहयोग को भी अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने ओरेकल और सार्ड जैसी संस्थाओं के योगदान की सराहना की। उन्होंने सरकारी स्कूलों में सुविधाओं का विस्तार करने के लिए ऐसे सहयोग को शिक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में उपयोगी बताया।

 ‘साइंस ऑन व्हील्स’ से प्रयोगों के जरिए सीखेंगे बच्चे

बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए कार्यक्रम के दौरान एक गैर-सरकारी संस्था की ओर से निगम विद्यालयों को ‘साइंस ऑन व्हील्स’ बस उपलब्ध कराई गई। इस चलती-फिरती प्रयोगशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रयोगों को करीब से देखने और उन्हें समझने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और महापौर प्रवेश वाही ने विद्यालय परिसर में स्थित आर्यभट्ट विज्ञान संग्रहालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद विज्ञान मॉडलों, प्रोजेक्टर और अन्य शैक्षणिक संसाधनों की जानकारी ली। विद्यालय में 3डी इमर्सिव लैब भी बनाई गई है, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), कोडिंग और रोबोटिक्स जैसी आधुनिक तकनीकों से परिचित कराया जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ तकनीकी विषयों की व्यावहारिक समझ देना है।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, उपमहापौर डॉ. मोनिका पंत, नेता सदन जय भगवान यादव, शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा और निगम आयुक्त संजीव खिरवार सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय पार्षद शशि तलवार ने की। इस दौरान महापौर प्रवेश वाही ने निगम अस्पतालों में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि हिंदूराव अस्पताल, स्वामी दयानंद अस्पताल, लाजपत नगर कॉलोनी अस्पताल और माता गुजरी अस्पताल में नागरिकों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m