Bihar News: बिहार के शिवहर जिले में आज सोमवार (29 जून) को एक बड़ा हादसा हो गया, जहां तरियानी छपरा थाना क्षेत्र के छपरा सिरहा टोला गांव में घरेलू गैस सिलेंडर फटने के बाद लगी आग ने कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण अग्निकांड में 8 घर पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें से 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कपड़ा, अनाज, बर्तन सबकुछ जलकर राख
ग्रामीणों के अनुसार, एक घर में अचानक गैस सिलेंडर में तेज धमाका हुआ। धमाके के बाद आग तेजी से फैलने लगी और आसपास के घर भी इसकी चपेट में आ गए। आग इतनी भयानक थी कि लोगों को सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला। कई परिवार सिर्फ अपनी जान बचाकर घरों से बाहर निकल सके।
इस अग्निकांड में पीड़ित परिवारों का अनाज, कपड़े, फर्नीचर, बर्तन, नकदी समेत रोजमर्रा का सारा सामान जलकर राख हो गया, जिससे अब उनके सामने रहने और खाने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।
काफी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके साथ ही पुलिस और अग्निशमन विभाग को आग लगने की सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची दमकल विभाग की गाड़ी ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो और भी बड़ा नुकसान हो सकता था।
प्रशासन ने मदद का दिया आश्वासन
आग की चपेट में आने से सभी झुलसे लोगों को इलाज के लिए मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने दो की हालत गंभीर बताई है। वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुणाल ने घटनास्थल का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर इस अगलगी घटना में हुए नुकसान का आकलन करने के बाद उन्हें सरकारी मदद उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
ये भी पढ़ें- चंदा देने से इंकार पर जान गंवाने वाले चिंटू यादव के घर पहुंचे पप्पू यादव, आर्थिक मदद कर जताई संवेदना

