वीरेंद्र कुमार, नालंदा। पूर्णिया सांसद पप्पू यादव आज सोमवार (29, जून) को जिले के जहांगीरपुर गांव पहुंचे, जहां उन्होंने चंदा देने से मना करने पर मारपीट के बाद इलाज के दौरान दम तोड़ने वाले चिंटू यादव के परिजनों से मुलाकात कर उनके प्रति संवेदना जाहिर की और शोक व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने परिवार की आर्थिक मदद भी की। इसके साथ ही उन्होंने जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाया।
सरकार की कार्यशैली पर उठाया सवाल
दरअसल बीते 21 जून को चंदा देने से मना करने पर चिंटू यादव के साथ मारपीट हुई थी। गंभीर हालत में उन्हें 22 जून को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 23 जून की सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पप्पू यादव पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
अपराधियों की कोई जाती नहीं होती- पप्पू यादव
सांसद पप्पू यादव ने राज्य सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि नालंदा में हत्या, बलात्कार और अन्य अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों के खिलाफ समय पर कार्रवाई नहीं हो रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि अपराधियों की कोई जाति नहीं होती और कानून सभी पर समान रूप से लागू होना चाहिए।
दोषियों को गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की मांग
पप्पू यादव ने मांग की कि मामले में हत्या की धारा के तहत कठोर कार्रवाई करते हुए स्पीडी ट्रायल कराया जाए, दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो न्याय की लड़ाई को और तेज किया जाएगा। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले की जांच जारी है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि प्रशासन इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करता है।
ये भी पढ़ें- ‘बड़ा बंगला और सुरक्षा पाकर खुश हैं सम्राट चौधरी’, तेजस्वी यादव का CM पर बड़ा हमला

