राजधानी दिल्ली और NCR में यात्रियों के सुगम आवागमन की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के दिल्ली वाले हिस्से में DND महारानी बाग से जैतपुर पुश्ता रोड तक का करीब 9 किलोमीटर लंबा बचा हुआ मार्ग ट्रायल के तौर पर यातायात के लिए खोल दिया गया है। इस नए सेक्शन के शुरू होने से दिल्ली, फरीदाबाद और नोएडा के बीच रोजाना सफर करने वाले लाखों वाहन चालकों को फायदा मिलने की उम्मीद है। इस मार्ग के चालू होने से प्रमुख सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होगा और यात्रियों को ट्रैफिक जाम से राहत मिल सकती है। नए मार्ग के खुलने से दिल्ली से फरीदाबाद और नोएडा की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों के लिए एक अतिरिक्त कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। इससे रोजाना इन इलाकों के बीच यात्रा करने वाले लोगों का समय बचने और यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है।
9 किमी सेक्शन पर ट्रैफिक और सुरक्षा मानकों की हो रही जांच
NHAI के परियोजना निदेशक धीरज सिंह के मुताबिक, DND महारानी बाग से जैतपुर पुश्ता रोड तक खुले 9 किलोमीटर लंबे हिस्से पर फिलहाल वाहनों के दबाव और सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया जा रहा है। ट्रायल के दौरान यह देखा जा रहा है कि नए रूट पर यातायात का संचालन किस तरह हो रहा है और वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं मानकों पर खरी उतर रही हैं या नहीं। इस रूट के खुलने से आश्रम, कालिंदी कुंज, सराय काले खां और फरीदाबाद की ओर आने-जाने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। उन्हें अब सरिता विहार, मोहन एस्टेट और मथुरा रोड पर लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से काफी हद तक बचने का विकल्प मिलेगा।
दिल्ली-NCR में यातायात व्यवस्था को बेहतर करने और जाम व प्रदूषण कम करने के लिए एक्सप्रेसवे नेटवर्क को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) से जोड़ने की दिशा में काम तेजी से चल रहा है। इसी कड़ी में फरीदाबाद को जेवर एयरपोर्ट से जोड़ने वाले 32 किलोमीटर लंबे फरीदाबाद-जेवर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण किया जा रहा है। फिलहाल फरीदाबाद से जेवर एयरपोर्ट पहुंचने में मोहना पुल के रास्ते करीब सवा से डेढ़ घंटे का समय लगता है। नए एक्सप्रेसवे के बनने के बाद यह दूरी तय करने में महज 25 मिनट लगने की उम्मीद है। एक्सप्रेसवे के निर्माण में शहर के मौजूदा मास्टर प्लान को ध्यान में रखा जा रहा है। फरीदाबाद के सेक्टर-65 की तरफ से करीब 8 किलोमीटर लंबे हिस्से को एलिवेटेड बनाया जा रहा है। इससे शहर की मौजूदा संरचना और विकास योजनाओं पर असर कम करने के साथ-साथ यातायात को भी सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।
सितंबर 2026 तक पहला चरण पूरा करने का लक्ष्य
फरीदाबाद को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) से जोड़ने वाले 32 किलोमीटर लंबे फरीदाबाद-जेवर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण को तय समयसीमा में पूरा करने की तैयारी है। परियोजना को दो चरणों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
सितंबर 2026 तक: यूपी सीमा यानी जेवर एयरपोर्ट की तरफ से हरियाणा में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे तक का निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
जनवरी 2027 तक: इसके बाद ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे से फरीदाबाद के सेक्टर-65 तक का निर्माण कार्य पूरा करने की समयसीमा तय की गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

