Delhi News Brief (दिल्ली न्यूज ब्रीफ): कल (13 अक्टूबर 2026) की खबरों में महिला पत्रकार से बदसलूकी मामला: राहुल गांधी पर बरसीं रेखा गुप्ता, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन पर रोक का मामला SC पहुंचा, रामलीला मैदान का वीडियो शेयर कर सौरभ भारद्वाज ने उठाए सवाल, दिल्ली में बिजली बिल पर सब्सिडी के लिए आधार अनिवार्य प्रमुख रहा।
महिला पत्रकार से बदसलूकी मामला : राहुल गांधी पर बरसीं रेखा गुप्ता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने तीन माह की गर्भवती पत्रकार ऋचा पाराशर के साथ प्रदर्शन की कवरेज के दौरान कथित धक्का-मुक्की और अभद्रता की निंदा की है। इस मामले को लेकर उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी के महिला सम्मान संबंधी दावों पर सवाल उठाए। वहीं, कांग्रेस ने आरोपों को खारिज करते हुए इसे राजनीतिक दुष्प्रचार बताया है।

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन पर रोक का मामला SC पहुंचा
दिल्ली में विरोध-प्रदर्शनों से जुड़े मामलों पर सुप्रीम कोर्ट 15 अक्टूबर को सुनवाई करेगा। शीर्ष अदालत ने स्पष्ट किया है कि इस मामले से संबंधित सभी याचिकाओं पर एक साथ सुनवाई की जाएगी। इससे जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अदालत एक ही दिन विचार करेगी। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार की उस मांग को भी स्वीकार कर लिया, जिसमें दो याचिकाओं पर जवाब दाखिल करने के लिए गुरुवार तक का समय मांगा गया था। इन याचिकाओं में से एक में संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई शुरू करने की मांग की गई है। अब इन सभी याचिकाओं पर 15 अक्टूबर को होने वाली सुनवाई पर नजर रहेगी।
रामलीला मैदान का वीडियो शेयर कर सौरभ भारद्वाज ने उठाए सवाल
दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थलों को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और दिल्ली के पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज (Saurabh Bhardwaj) ने रामलीला मैदान (Ramlila Maidan) का एक वीडियो साझा कर दिल्ली पुलिस (Delhi Police) के फैसले पर सवाल उठाए हैं। वीडियो में रामलीला आयोजन के लिए पंडाल लगे दिखाई दे रहे हैं। भारद्वाज ने इसे आम लोगों के साथ धोखा करार देते हुए सवाल किया कि जब मैदान में पहले से आयोजन की व्यवस्था है, तो यहां विरोध-प्रदर्शन कैसे किया जा सकता है? सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए रामलीला मैदान की मौजूदा स्थिति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मैदान में रामलीला के आयोजन के लिए पंडाल लगे हुए हैं। ऐसे में इस स्थान को विरोध-प्रदर्शन के लिए निर्धारित करना कितना व्यावहारिक है?

दिल्ली में बिजली बिल पर सब्सिडी के लिए आधार अनिवार्य
राजधानी दिल्ली में बिजली सब्सिडी (Electricity bill subsidy) का लाभ लेने वाले उपभोक्ताओं के लिए आधार कार्ड (Aadhaar Card) की जानकारी देना अनिवार्य कर दिया गया है। अब सब्सिडी का लाभ जारी रखने के लिए उपभोक्ताओं को अपना आधार नंबर बिजली कंपनियों और दिल्ली सरकार के साथ साझा करना होगा। इस संबंध में दिल्ली सरकार के ऊर्जा विभाग ने उपराज्यपाल की मंजूरी के बाद अधिसूचना जारी कर दी है।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
दिल्ली में प्रदूषण पर CAQM का एक्शन: दिल्ली-NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने दिल्ली नगर निगम (MCD) को 31 अक्टूबर तक दिल्ली की सड़कों, फुटपाथों, डिवाइडरों और खुले इलाकों में जमा धूल, कचरे और मलबे को हटाने का निर्देश दिया है। CAQM ने स्पष्ट किया है कि वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए निर्धारित धूल नियंत्रण उपायों को समय पर लागू करना जरूरी है। इसके तहत संबंधित इलाकों की सफाई और सड़कों पर जमा धूल-मलबे को हटाने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। आयोग ने धूल नियंत्रण के निर्धारित उपायों को लागू करने में लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। निर्देशों का पालन नहीं करने पर अभियोजन समेत उचित कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में ‘दुर्गा योजना’ का पोर्टल लॉन्च: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने सोमवार को दिल्ली सचिवालय में ‘दुर्गा’ योजना(Durga Yojana) के लिए डिजिटल पोर्टल लॉन्च किया। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को आत्मनिर्भर बनाना और उनके लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है। योजना के तहत लाभार्थियों को इलेक्ट्रिक ऑटो का मालिक और ड्राइवर बनने का अवसर मिलेगा। इससे वे सम्मानजनक रोजगार हासिल करने के साथ अपनी आजीविका भी चला सकेंगे। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में SIR की सुनवाई तेज: दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर चुनाव आयोग ने आंकड़े जारी किए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय के मुताबिक, दिल्ली की वोटर लिस्ट में करीब 33 लाख ऐसी एंट्री मिली थीं, जिनमें गड़बड़ी सामने आई या जिनका मौजूदा रिकॉर्ड से मिलान नहीं हो पा रहा था। इनमें से करीब 20 लाख मामलों का निपटारा कर लिया गया है, जबकि बाकी मामलों का समाधान होना अभी बाकी है। (पढ़े पूरी खबर)
CJP कार्यकर्ताओं से मारपीट के आरोपी रविंदर गोविंदा जेल से रिहा: दिल्ली के कनॉट प्लेस में प्रदर्शन के दौरान हुई मारपीट का मामला एक बार फिर चर्चा में है। इस बार वजह रविंदर उर्फ गोविंद हिंदू की जेल से रिहाई और बाहर आते ही हिंदू रक्षा दल के सदस्यों की ओर से उनका स्वागत किया जाना है। रविंदर को फूल-मालाएं पहनाए जाने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर फिर से बहस का विषय बन गया है। रविंदर उर्फ गोविंद हिंदू ने ‘दावा किया कि उन्होंने मारपीट की शुरुआत नहीं की थी। उनके मुताबिक, उन्होंने अपने और अपने साथियों के बचाव में ऐसा किया। हालांकि, यह उनका पक्ष है। घटना के वायरल वीडियो में प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट होती दिखाई देने के बाद पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया था। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली के क्लब में बीयर छलकने पर विवाद: देश की राजधानी दिल्ली से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सराय रोहिल्ला थाना क्षेत्र के जखीरा इलाके में स्थित ‘टोर हाउस’ नाइटक्लब में एक युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि क्लब में एक महिला पर बीयर गिरने के बाद विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद बाउंसरों ने युवक पर लाठी-डंडों और बोतलों से हमला कर दिया। घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है। आरोप है कि विवाद के दौरान क्लब के बाउंसरों ने युवक की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। (पढ़े पूरी खबर)
अभिजीत दीपके ने कहा: CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने हाल ही में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी इंडिया (INDIA) ब्लॉक द्वारा दिल्ली में किए गए विशाल विरोध-प्रदर्शन की सराहना की है. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि जब CJP को प्रोटेस्ट की इजाजत दी गई तो कई लोगों ने तुरंत यह कॉन्स्पिरेसी थ्योरी फैलानी शुरू कर दी कि हमें BJP द्वारा प्लांट किया गया. उन्होंने कहा कि कॉन्स्पिरेसी थ्योरी को हमें बांटने न दें. (पढ़े पूरी खबर)
सौरव दास-आशुतोष रांका का फोन पुलिस ने जब्त कियाः CJP Claims On Delhi Police: दिल्ली पुलिस ने 13 अक्टूबर की सुबह जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट करने पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी (CJP) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास (Saurav Das), आशुतोष रांका (Ashutosh Ranka) और अजिंक्य शिंदे को हिरासत में लिया। वहीं CJP की लीगल हेड रत्ना सिंह ने इसे कानूनी अधिकारों का उल्लंघन बताया है और दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाया है। CJP ने दावा किया कि सौरव दास-आशुतोष रांका का फोन पुलिस ने जब्त कर लिया है। वहीं वकीलों से मिलने की भी इजाजत नहीं दी है। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

