चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के चंडीगढ़ स्थित आवास पर सोमवार को भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग, राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़, प्रदेश के सभी विधायक और सांसद शामिल हुए। इसके अलावा चुनाव में पराजित हुए विधायक और सांसद प्रत्याशियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया।
सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने पर जोर
बैठक में सरकार और संगठन के कामकाज की समीक्षा के साथ-साथ योजनाओं एवं कार्यक्रमों को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर मंथन किया गया। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि हाल में आयोजित तिरंगा यात्रा की सफलता पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही आगामी रविदास जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव को बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारियों को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ।
उन्होंने कहा कि सरकार के कामकाज को आम लोगों तक अधिक प्रभावी तरीके से पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया गया।
सफाई और दमकल कर्मचारियों की हड़ताल पर जल्द फैसला
सफाई कर्मचारियों और दमकल कर्मियों की हड़ताल से जुड़े सवाल पर विपुल गोयल ने कहा कि सरकार संबंधित संगठनों के साथ लगातार बातचीत कर रही है। उन्होंने संकेत दिया कि इस मुद्दे पर जल्द ही कोई निर्णय लिया जा सकता है।
राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशों पर होगा काम
बैठक से पहले कैबिनेट मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि संगठन की बैठक में विभिन्न विषयों पर राष्ट्रीय नेतृत्व और मुख्यमंत्री की ओर से दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार और पार्टी के कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने की रणनीति भी बैठक में तय की जाएगी।
पंजाब चुनाव पर नहीं हुई चर्चा
जब गौरव गौतम से पूछा गया कि क्या बैठक में आगामी पंजाब चुनाव को लेकर भी चर्चा होगी, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि यह बैठक पूरी तरह हरियाणा से जुड़े विषयों पर केंद्रित है। उनके मुताबिक, बैठक में पंजाब चुनाव को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई।
अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस का दावा
जीवन कुंडू हत्याकांड को लेकर सरकार के रुख पर गौरव गौतम ने कहा कि अपराधी चाहे कोई भी हो, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार अपराध के मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
वंदे मातरम को लेकर कांग्रेस पर निशाना
वहीं, सोनिया गांधी पर वंदे मातरम के अपमान के आरोपों को लेकर गौरव गौतम ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कथित तौर पर सोनिया गांधी के इशारे को सभी ने देखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और सोनिया गांधी को वंदे मातरम से परेशानी है।
गौरव गौतम ने कहा कि कांग्रेस को यह विचार करना चाहिए कि इस तरह के घटनाक्रम से वह देश के युवाओं और आने वाली पीढ़ी को क्या संदेश देना चाहती है।
- राज्य खेल पुरस्कार अलंकरण 2026 के लिए खिलाड़ियों की अंतरिम सूची जारी, 23 अगस्त तक आमंत्रित किए गए दावा-आपत्ति
- UP बनेगा जापानी उद्योगों का दूसरा घर! योगी बोले- भरोसेमंद पार्टनर है उत्तर प्रदेश
- हक के लिए सड़कों पर उतरा Gen Alpha: 400 बच्चों ने शैक्षणिक संस्थान के मुद्दे पर किया आंदोलन, उज्जैन में स्कूल शिफ्टिंग के विरोध के दौरान बेहोश हुईं छात्राएं
- पत्नी की गला दबाकर हत्या, बच्चों को बर्थडे में ले जाने के नाम पर तालाब में फेंका, बच्ची की मौत, बेटे ने पुलिस को सुनाई खौफनाक कहानी
- भाजपा ने की सांगठनिक जिला प्रभारी और सह-प्रभारियों की नियुक्ति, सूची जारी
