Rajasthan News: सलूंबर के मायदा घाट सेक्शन में दोपहर करीब एक बजे एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। लोहे के सरियों से लदे एक बेकाबू ट्रक ने पांच वाहनों को कुचल दिया, जिससे मौके पर ही तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। लसाड़िया थानाधिकारी हर्षराज सिंह ने बताया कि मृतकों के शवों को लसाड़िया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। फिलहाल मृतकों की पहचान के प्रयास जारी हैं।

हादसा मायदा घाट सेक्शन के ढलान पर उस वक्त हुआ जब एक सीमेंट से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रॉली को हटाने के लिए मौके पर जेसीबी बुलाई गई थी। इसी दौरान धरियावद मार्ग की ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। तभी तेज रफ्तार में आ रहे लोहे से भरे ट्रक का चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रक ने कतार में खड़े कई वाहनों को पीछे से कुचल डाला। इस भीषण टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। कई राहगीर और वाहन सवार जो नीचे खड़े थे, वे भी ट्रक की चपेट में आ गए।
हादसे में बाल-बाल बचे चित्तौड़गढ़ निवासी मोहम्मद आसिफ, उनकी पत्नी शहनाज बानो और पुत्र मोहम्मद आरिज ने बताया कि ईश्वर की कृपा से वे एक नए जीवन के साथ लौटे हैं। आसिफ ने बताया, हादसे में हमारी कार के ऊपर एक वाहन पलट गया, लेकिन हम सुरक्षित बाहर निकल आए।
इसी दुर्घटना में निम्बाहेड़ा निवासी पिकअप चालक गोपाल कहार ने भी खौफनाक मंजर को याद करते हुए कहा, ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि एक पल को लगा शायद कोई भी बच नहीं पाएगा। भगवान की मेहरबानी से जान बच गई। मेरी गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।
हादसे की खबर मिलते ही भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री और लसाड़िया के पूर्व प्रधान कन्हैयालाल मीणा, धरियावद एसडीएम राकेश कुमार न्यौल, डीएसपी नानालाल सालवी, लसाड़िया थानाधिकारी हर्षराज सिंह समेत कई प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। घायलों को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में रेफर किया गया। वहीं, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस द्वारा ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
पढ़ें ये खबरें
- आबकारी नीति मामला: ED की अपील पर केजरीवाल को हाईकोर्ट ने फिर जारी किया नोटिस, मांगा जवाब, 29 अप्रैल को अगली सुनवाई
- घुसपैठियों के दम पर अब नहीं जीतेंगी ममता, मंगल पांडे का बड़ा हमला, बोले- बंगाल में बदलाव तय
- बिहार की राजनीति में बड़ा दांव, राज्यसभा चुनाव में पाला बदलने वाले विधायकों को मिली अहम जिम्मेदारी, जानें किसे क्या मिला?
- मां-बेटे ने खाया वंदे भारत एक्सप्रेस का खाना, महिला के सूजे होंठ; बेटे की स्थिति हुई गंभीर, IRCTC का जवाब- हमारा खाना बिल्कुल सुरक्षित
- देवभूमि में किसानों की आय बढ़ाने के लिए बड़ी पहल, ITBP और उत्तराखंड औद्यानिक परिषद के बीच हुआ MOU, सीएम धामी बोले- स्थानीय उत्पादों को मिलेगा बढ़ावा
