कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने सतलुज-यमुना लिंक (SYL) नहर के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2016 में सुप्रीम कोर्ट का फैसला हरियाणा के पक्ष में आने के बावजूद आज तक राज्य को SYL का एक बूंद पानी भी नहीं मिला है।

दीपेंद्र हुड्डा ने बताया कि केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल की मौजूदगी में हरियाणा के सभी सांसदों ने SYL के क्रियान्वयन का मुद्दा उठाया। उन्होंने मांग की कि इस विषय पर प्रधानमंत्री से मिलने का समय तय कराया जाए ताकि हरियाणा के हक के पानी का समाधान निकाला जा सके।

उन्होंने कहा कि हरियाणा के हित में सभी विपक्षी सांसद दलगत राजनीति से ऊपर उठकर साथ चलने के लिए तैयार हैं। यह बात उन्होंने हरियाणा भवन, नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘जल जीवन मिशन’ की बैठक के दौरान कही।

दीपेंद्र हुड्डा ने दोहराया कि हरियाणा के हिस्से का पानी दिलाने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों को एकजुट होकर प्रयास करने चाहिए।