पश्चिमी दिल्ली में करमपुरा-मोती नगर फ्लाईओवर से सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए जरूरी खबर है। फ्लाईओवर पर मरम्मत का काम शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने इसे पूरा करने के लिए 40 दिन की समयसीमा तय की है। मरम्मत कार्य के चलते करमपुरा शिवदास पुरी रोड से कीर्ति नगर रोड (पटेल रोड) होते हुए शादीपुर की ओर जाने वाले स्ट्रेच पर यातायात प्रभावित रहेगा। इससे इस मार्ग पर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। यातायात व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने वाहन चालकों से इस रूट से बचने और यात्रा के दौरान वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है।

दो चरणों में बंद रहेगा फ्लाईओवर

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक, करमपुरा-मोती नगर फ्लाईओवर को चरणबद्ध तरीके से बंद किया जाएगा। मरम्मत कार्य के दौरान वाहन चालकों के लिए अलग-अलग अवधि में दोनों कैरिजवे बंद रहेंगे। पहले चरण में 9 अक्टूबर तक करमपुरा से कीर्ति नगर की ओर जाने वाला कैरिजवे बंद रहेगा। इसके बाद दूसरे चरण में 10 अक्टूबर से 29 अक्टूबर तक कीर्ति नगर से करमपुरा की ओर जाने वाला कैरिजवे बंद किया जाएगा। हालांकि, इस दौरान सर्विस रोड वाहनों के लिए खुली रहेगी, जिससे दोनों दिशाओं में यातायात को वैकल्पिक रास्ता मिल सके।

संयम रखें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों और यात्रियों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाकर निकलें। मरम्मत कार्य के कारण प्रभावित मार्गों पर अतिरिक्त समय लग सकता है, इसलिए यात्रियों को पर्याप्त समय लेकर चलने की सलाह दी गई है। पुलिस ने वाहन चालकों से धैर्य बनाए रखने, ट्रैफिक नियमों का पालन करने और मौके पर तैनात ट्रैफिक कर्मियों का सहयोग करने की अपील की है। जाम से बचने और सुरक्षित यात्रा के लिए डायवर्जन साइन बोर्ड और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

शाहीन बाग के पास सड़क होगी सिग्नल फ्री

वहीं, शाहीन बाग के पास रोड नंबर 13-ए पर ट्रैफिक को सिग्नल फ्री करने के लिए यू-टर्न बनाया जाएगा। लोक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से किए जाने वाले इस काम पर करीब 22 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इस सड़क पर शाहीन बाग के पास ट्रैफिक सिग्नल के कारण अक्सर लंबा जाम लगने की समस्या सामने आती है। इसे देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सिग्नल बंद कर यू-टर्न बनाने का सुझाव दिया था। अधिकारियों के मुताबिक, इस परियोजना का काम दो महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

कालकाजी-मोदी फ्लाईओवर का निर्माण कार्य बना मुसीबत

दक्षिणी दिल्ली में आउटर रिंग रोड पर कालकाजी और मोदी फ्लाईओवर के निर्माण कार्य के चलते वाहन चालकों को भारी जाम का सामना करना पड़ रहा है। सुबह और शाम के पीक आवर में वाहन चालक आधे घंटे से लेकर एक घंटे तक जाम में फंस रहे हैं। निर्माण स्थल के आसपास पीडब्ल्यूडी और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से किए जा रहे इंतजाम भी यातायात दबाव को कम करने में पर्याप्त साबित नहीं हो रहे हैं। वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने निर्माण एजेंसियों से मांग की है कि निर्माण स्थल पर कम से कम सड़क घेरकर काम किया जाए, ताकि वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो।

कालकाजी पुल बंद होने से बढ़ी परेशानी

आउटर रिंग रोड पर कालकाजी फ्लाईओवर को डबल करने के साथ उसे मोदी मिल फ्लाईओवर तक जोड़ने का काम किया जा रहा है। निर्माण के चलते कालकाजी पुल को बंद किया गया है। इसका असर ओखला एनआईसी बस स्टॉप के पास भी देखने को मिल रहा है, जहां निर्माण कार्य के कारण सड़क पर बॉटलनेक बन गया है। सड़क के दोनों तरफ दो-दो लेन प्रभावित होने से वाहनों की रफ्तार धीमी हो रही है और पीक आवर में लंबा जाम लग रहा है। ट्रैफिक पुलिस ने लाजपत नगर, गढ़ी गांव और ईस्ट ऑफ कैलाश की ओर जाने वाले वाहनों को राहत देने के लिए मोदी मिल फ्लाईओवर से उतरते ही कैप्टन गौड़ मार्ग की ओर जाने वाला कट खोला था।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m