सुरेश पाण्डेय, सिंगरौली। सोशल मीडिया पर कुछ ‘लाइक्स’ और ‘व्यूज’ पाने के लिए अपनी और दूसरों की जान दांव पर लगाने वाले रीलबाजों के खिलाफ सिंगरौली पुलिस ने एक्शन लिया है। रीवा-सीधी टनल और देवसर बाजार के भीड़भाड़ वाले इलाके में बाइक पर खड़े होकर मौत को दावत देने वाले एक युवक का वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, पुलिस ने उसे दबोच लिया। जियावन पुलिस की इस कड़क कार्रवाई के बाद अब ‘साहब’ का सारा टशन हवा हो गया है। हवालात की हवा खाने के बाद अब वही युवक कान पकड़कर हाथ जोड़ रहा है और माफी मांग रहा है।

ये भी पढ़ें: 11 दिनों तक भटकती रही ग्वालियर पुलिस… हरियाणा में मिला 15 साल का मासूम, खुली ऑनलाइन गेम की खौफनाक हकीकत!

टनल और बाजार में दिखा रहा था करतब

इंटरनेट पर छा जाने के फितूर में इस युवक ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाकर रख दी थीं। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि यह युवक रीवा-सीधी टनल जैसी संवेदनशील जगह और देवसर बाजार के बेहद व्यस्त इलाके में चलती बाइक पर हैंडल छोड़कर खड़ा हो गया था।

इस खतरनाक स्टंटबाजी से न सिर्फ उस रीलबाज की जान जा सकती थी, बल्कि टनल के भीतर और बाजार में चल रहे अन्य राहगीरों और वाहन चालकों के साथ भी कोई बड़ा हादसा हो सकता था।

वीडियो वायरल होते ही एक्टिव हुई जियावन पुलिस

सिंगरौली पुलिस लगातार सड़क सुरक्षा को लेकर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है। वीडियो पर नजर पड़ते ही एक्शन शुरू हुआ। जियावन थाना पुलिस ने सायबर टीम की मदद से वीडियो के आधार पर युवक की पहचान की और उसे तुरंत राउंडअप कर थाने ले आई।

पुलिस ने मोटर व्हीकल (MV) एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत युवक पर चालानी कार्रवाई की। साथ ही पुलिस ने उसे सख्त लहजे में समझाया कि सार्वजनिक सड़कें, टनल और बाजार रील बनाने के लिए नहीं, बल्कि लोगों के सुरक्षित सफर के लिए हैं।

ये भी पढ़ें: कोर बंद… बफर में ‘बाघ-भालू’ का स्वैग! पर्यटकों के सामने आ गए जंगल के राजा, कैमरे में कैद हुआ गजब रोमांच

थाने आते ही बदला सुर, अब युवाओं से कह रहा- ‘भैया! मत करना स्टंट’

पुलिसिया कार्रवाई का असर ऐसा हुआ कि रीलबाज़ का सारा ‘थ्रिल’ चंद मिनटों में काफूर हो गया। युवक ने पुलिस के सामने घुटने टेकते हुए सरेआम अपनी गलती स्वीकार की और लिखित में माफी मांगी। उसने माना कि सोशल मीडिया पर सस्ती लोकप्रियता के चक्कर में उसने बहुत बड़ी बेवकूफी की थी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m