Union Budget 2026-2027: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज रविवार 1 फरवरी 2026 को लोकसभा में अपना 9वां बजट पेश किया। बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री ने घरेलू निर्माण, हेल्थकेयर सेक्टर, ऊर्जा सुरक्षा और गरीबी उन्मूलन से लेकर रोजगार की बातों पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने बिहार को बड़ी सौगात दी।

बजट भाषण में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने घोषणा की कि, वाराणसी और पटना में शिप रिपेयर इकोसिस्टम बनाया जाएगा। राजधानी पटना में जहाज मरम्मत सुविधाएं दी जाएगी। घोषणा के अनुसार वाटरवेज का इस्तेमाल करने के लिए ट्रेनिंग दी जाएगी। वाराणसी और पटना को डेवलप करके इंटरनल वाटरवेज को डेवलप किया जाएगा।

बजट 2026-27 बिहार के नेताओं की प्रतिक्रिया

वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण के बजट भाषण पर बिहार के नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि, देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री को धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने 2047 का भारत कैसा होगा, 3 कर्तव्य के बारे में बताया। कई योजना दी गई है। हाई स्पीड रेल, इंफ्रास्ट्रक्चर, मछली पालन, जल मार्ग के परियोजनाओं पर चर्चा हुई।

भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि, ये बहुत ही प्रगतिशील बजट है। विकसित भारत का रास्ता स्पष्ट करता है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का अभिनंदन करता हूं। ये विकासशील बजट है। देश की प्रगति को और आगे बढ़ाएगा।

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि, आज के बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर, ग्रामीण इंफ्रास्ट्रक्चर, शहरीकरण, आत्मनिर्भरता पर बल दिया गया है। ये विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार करने वाला बजट है।

वहीं, एलजेपी सांसद शांभवी चौधरी ने कहा कि, इस बजट में युवाओं को प्राथमिकता दी गई है। बहुत से ऐसे संस्थानों का निर्माण किया जा रहा है जो युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार देने पर केंद्रीत है। कंटेंट क्रिएटर को सम्मान देने वाला ये बजट है। बहुत दूरदर्शी बजट है।

पुराने सामान को नए डिब्बे में परोसा- रोहिणी

बजट 2026-27 पर लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। रोहिणी ने सोशल मीडिया एक्स पोस्ट के जरिए कहा कि, पुराने सामान को नए डिब्बे में नए लेबल के साथ परोसने जैसा ही है बजट… रोहिणी ने आगे लिखा- अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रति व्यक्ति आय में बढ़ोत्तरी कैसे होगी ? इस पर बजट में कोई स्पष्टता नहीं है , डिजिटल कंटेंट क्रिएशन को बढ़ावा देने की बात की गई है, मगर देश की शिक्षित व् गैर-शिक्षित युवा आबादी के लिए यथार्थ में जॉब-क्रिएशन कैसे और किन-किन सेक्टर्स में होगा ? देश के इस सबसे गंभीर मसले पर भी बजट में कोई स्पष्ट रोड-मैप नहीं है।

रोहिणी ने कहा कि, बिहार के लिए बाढ़ प्रबंधन, बाढ़ की रोक थाम , बाढ़ के पश्चात् पुनर्वास की व्यवस्था एवं सिंचाई के संसाधनों के निर्माण व् विकास के लिए विशेष-पैकेज दिए जाने की बेहद जरूरी व् पुरानी मांग के लिए बजटीय प्रावधान का नहीं होना निराशाजनक है।

ये भी पढ़ें- पंखा, AC, कुर्सी और बल्ब तक साथ लेकर गए तेज प्रताप यादव! जजद अध्यक्ष ने खाली किया सरकारी बंगला, तो BJP मंत्री ने लगाया गंभीर आरोप