कुंदन कुमार/पटना। बिहार सरकार द्वारा पेश किए गए 3 लाख 47 हजार करोड़ रुपये के बजट को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। सत्ता पक्ष के नेता इसे राज्य के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बता रहे हैं। बीजेपी विधायक संजय सरावगी ने बजट की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार का बजट महज 23 हजार करोड़ रुपये का हुआ करता था, जबकि आज यह बढ़कर 3.47 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
2005 से अब तक बजट में बड़ा इजाफा
संजय सरावगी ने कहा कि बजट के आकार में यह बढ़ोतरी राज्य की प्रगति और सुशासन का प्रमाण है। उनके अनुसार, पिछले दो दशकों में बिहार ने आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं, जिसका असर बजट के विस्तार में साफ दिखता है।
महिलाओं, किसानों और युवाओं पर खास फोकस
विधायक ने दावा किया कि यह बजट समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को उद्यमी बनने के लिए दो-दो लाख रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराएगी। इसके अलावा किसानों, वृद्धजनों और युवाओं के कल्याण से जुड़ी योजनाओं को भी बजट में प्राथमिकता दी गई है।
मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री को दी बधाई
संजय सरावगी ने इस बजट को दूरदर्शी बताते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और वित्त मंत्री बिजेंद्र यादव को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह बजट बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


