कुंदन कुमार, पटना। दरभंगा एयरपोर्ट की सुरक्षा अब सीआईएसएफ करेगी केंद्र सरकार ने दरभंगा एयरपोर्ट पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की तैनाती को मंजूरी दे दी है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अवर सचिव पदम अग्निहोत्री ने 5 फरवरी को जारी पत्र में कहा है कि दरभंगा एयरपोर्ट सुरक्षा के दृष्टिकोण से काफी संवेदनशील है। भारत और चीन दो बड़े देश है। इनके बीच नेपाल स्थित है, जो रणनीतिक और सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।

वर्तमान में एयरपोर्ट की सुरक्षा बिहार राज्य पुलिस की एयरपोर्ट सिक्योरिटी यूनिट के जिम्मे में है। बदलते परिदृश्य में सुरक्षा को लेकर नए फैसले लिए गए हैं। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि अब दरभंगा एयरपोर्ट की सुरक्षा भी केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के द्वारा किया जाएगा। मंत्रालय ने इस बाबत ब्यूरो आफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी को CISF की तैनाती को लेकर सर्वे करने का निर्देश दिया है। राज्य पुलिस को सुरक्षा तत्काल अपग्रेड करने का निर्देश भी दिया गया है।

बता दें कि अक्टूबर 2024 में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने और इसके रनवे की लंबाई 12 हजार फीट तक बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। नवंबर 2026 तक दरभंगा एयरपोर्ट के नए टर्मिनल के चालू होने की उम्मीद है। 54 फीसदी तक का काम पूरा हो चुका है। नये एयरपोर्ट टर्मिनल का निर्माण होने के बाद दरभंगा एयरपोर्ट से विमानों की परिचालन क्षमता चार गुना बढ़ जाएगी और सालाना 23 लाख यात्री सफर कर सकेंगे।

ये भी पढ़ें- Bihar Crime: रिटार्यड फौजी के बेटे ने खुद को गोली से उड़ाया, पटना से गांव लेकर आए थे पिता, बाद में….