T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 का आज से आगाज हो गया है. पहले दिन तीन मैच होने हैं. इस बार 20 टीमें मैदान पर उतरी हैं और 4 भारतीय कप्तानी कर रहे हैं. पहला नाम सूर्यकुमार यादव है, जबकि बाकी तीन कौन हैं, आइए जानते हैं.

T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 की आज से शुरुआत हो रही है. 20 टीमों के बीच क्रिकेट के इस महाकुंभ में पहले दिन तीन मैच खेले जाने हैं. टीम इंडिया की कमान सूर्यकुमार यादव के हाथ में है. सूर्या अकेले ऐसे भारतीय नहीं हैं, जो कप्तानी कर रहे हैं. इस बार तीन और भारतीय हैं, जो कप्तानी के रोल में हैं. हालांकि उनकी टीमें अलग-अलग हैं. ये वही खिलाड़ी हैं, जिनका दिल तो हिंदुस्तानी है, लेकिन वो क्रिकेट विदेश में जाकर खेले. यूएसए, कनाडा और ओमान तीन ऐसी टीमें हैं, जिनको लीड करने वाले कप्तानों की जड़ें भारत से जुड़ी हैं. वो भारत में जन्मे और भारत के खिलाफ ही दूसरी टीम की कमान संभाल रहे हैं. ये भारतीय मूल के कप्तान कौन-कौन हैं, नीचे एक-एक करके जान लीजिए.
पहला नाम सूर्यकुमार यादव
पहला नाम सूर्यकुमार यादव का है, जो टीम इंडिया के कप्तान हैं. सूर्या पर खिताब बचाने की चुनौती है, जो रोहित शर्मा अपनी कप्तानी में 2024 में जिताकर गए थे.
दूसरा नाम मोनांक पटेल
दूसरा नाम मोनांक पटेल का है, जो भारतीय मूल के हैं, लेकिन खेलते अमेरिका के लिए हैं. वो T20 World Cup 2026 में अमेरिकी टीम के कप्तान भी हैं. उनका जन्म 1 मई 1993 को गुजरात के आनंद में हुआ था. वो भारत में अंडर-16 और अंडर-19 स्तर पर गुजरात के लिए खेले. जूनियर के दिनों में जसप्रीत बुमराह के साथ भी उनका खेलना हुआ, लेकिन फिर ये खिलाड़ी 2013 में अमेरिका चला गया, वहीं बस गया और वहीं से क्रिकेट की नई शुरुआत की.
दाएं हाथ के इस स्टार विकेटकीपर ने अमेरिका टीम के लिए 2019 में वनडे और टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया. तब से वो टीम का अहम हिस्सा हैं और कप्तान भी हैं. वनडे में 2288 रन बना चुके हैं, जिनमें 3 शतक और 18 फिफ्टी भी शामिल हैं. मोनांक पटेल की कप्तानी में ही अमेरिका ने T20 World Cup 2024 के ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान को मात देकर बड़ा उलटफेर किया था. एक बार फिर ये टीम जलवा दिखाने मैदान पर उतरेगी.
तीसरा नाम दिलप्रीत सिंह बाजवा (कनाडा)
इस लिस्ट में तीसरा नाम भारतीय मूल के क्रिकेटर दिलप्रीत सिंह बाजवा का है, जो कनाडा टीम को लीड कर रहे हैं. इस खिलाड़ी का जन्म 26 जनवरी 2003 को पंजाब के गुरदासपुर में हुआ था. उन्होंने भारत में क्रिकेट खेलना शुरू किया, लेकिन फिर कनाडा का रुख किया और वहीं से क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया. भारत छोड़ने से पहले बाजवा ने अंडर-19 मैच में पटियाला के खिलाफ 130 रन की शानदार पारी खेली थी.
जानकारी के अनुसार दिलप्रीत के पिता हरप्रीत सिंह और मां हरलीन कौर 2020 में परिवार के साथ कनाडा में शिफ्ट हो गए थे, जहां से बाजवा को 2023 में डेब्यू का मौका मिला. ग्लोबल T20 कनाडा में उन्होंने 55 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए थे और टूर्नामेंट में पहला शतक बनाने वाले कनाडाई खिलाड़ी बनकर इतिहास रचा था.
चौथा नाम जतिंदर सिंह (ओमान)
इस लिस्ट में चौथा नाम जतिंदर सिंह का है, जो इस बार ओमान टीम को लीड करेंगे. उनका जन्म 5 मार्च 1989 को पंजाब के लुधियाना में हुआ था. वो बेहद कम उम्र में ओमान चले गए थे. शुरुआत में उन्होंने सीमेंट विकेट पर खेला, फिर एस्ट्रो टर्फ और 2011 में टर्फ क्रिकेट में आए. ये खिलाड़ी क्रिकेट के भगवान यानी सचिन तेंदुलकर को आदर्श मानता है. उन्हें कड़ी मेहनत के बाद साल 2015 में टी20 इंटरनेशनल और 2019 में वनडे डेब्यू का मौका मिला. फिर 2025 में कप्तान बने और अब T20 World Cup में ओमान टीम को लीड करेंगे.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


