National Morning News Brief (नेशनल मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (08 फरवरी 2026) की खबरों में सिंधु समझौता सस्पेंड मामले में मोदी सरकार का एक्शन शुरू, ब्राह्मण ही नहीं, कोई भी हिंदू बन सकता है संघ प्रमुख, एपस्टीन विवाद पर दलाई लामा की ओर से पेश की गई सफाई, भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर बोले कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रमुख रहा।

सिंधु समझौता सस्पेंड मामले में मोदी सरकार का एक्शन शुरू
पाकिस्तान के साथ सिंधु जल संधि को सस्पेंड करने के बाद मोदी सरकार ने चिनाब नदी पर बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर और ऊर्जा प्रोजेक्ट की दिशा में अहम कदम उठाया है. सरकारी कंपनी एनएचपीसी (NHPC) ने जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में सावलकोट हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट के निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया है. एनएचपीसी ने चिनाब नदी पर बनने वाले इस सावलकोट हाइड्रो प्रोजेक्ट के लिए 5129 करोड़ रुपये की लागत से जुड़ा टेंडर खोला है. यह पूरा प्रोजेक्ट एक ही पैकेज के तहत तैयार किया जाएगा. टेंडर दस्तावेज के मुताबिक, इस पैकेज में डाइवर्जेंट टनल का निर्माण, एडिट, डीटी और कोफर डैम का निर्माण शामिल है.

एपस्टीन विवाद पर दलाई लामा की ओर से पेश की गई सफाई
बौद्ध धर्मगुरु दलाई लामा को लेकर सोशल मीडिया पर दावा किया गया है कि दोषी यौन अपराधी जेफरी एप्स्टीन के साथ उनका भी कनेक्शन था. इसको लेकर ही अब दलाई लामा के कार्यालय की तरफ से सफाई आई और कहा गया कि ये दावे पूरी तरह से फर्जी हैं. इस क्लेरिफिकेशन में कई मीडिया आउटलेट्स द्वारा अमेरिकी न्याय विभाग (डीओजे) के दस्तावेजों का हवाला भी दिया गया.

भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर बोले कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान
भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि वह देश को झुकने नहीं देंगे और किसानों के हितों को कोई नुकसान नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि इस व्यापार समझौते में इन दोनों बातों का ध्यान रखा गया है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को भोपाल में कहा कि अगर हम कृषि और कृषि उत्पादों को देखें, तो भारतीय किसानों को नुकसान पहुंचाने वाला कोई भी उत्पाद शामिल नहीं किया गया है। ऐसे सभी उत्पादों को व्यापार समझौते से बाहर रखा गया है। सोयाबीन, मक्का, चावल, गेहूं, चीनी, अनाज, पोल्ट्री, डेयरी, केले, स्ट्रॉबेरी, चेरी, खट्टे फल, हरी मटर, काबुली चना, मूंग, तिलहन, इथेनॉल, तंबाकू जैसे उत्पादों पर कोई टैरिफ में छूट नहीं दी गई है।

ब्राह्मण ही नहीं, कोई भी हिंदू बन सकता है संघ प्रमुख
राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने 100 साल पूरे होने पर मुंबई में आयोजित व्याख्यानमाला में आरएसएस चीफ पोस्ट को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि क्षत्रिय, वैश्य, शूद्र या ब्राह्मण… कोई भी सरसंघचालक बन सकता है. सिर्फ ब्राह्मण होना ही योग्यता नहीं है. वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी समारोह के मौके पर एक कार्यक्रम में मौजूद लोगों के साथ बातचीत के दौरान सवालों के जवाब दे रहे थे. उन्होंने कहा, “संघ का सरसंघचालक कौन बने तो ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य या शूद्र सरसंघचालक नहीं बन सकता.

IS ने ली हमले की जिम्मेदारी, लेकिन फंडिंग को लेकर भारत पर आरोप
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद शुक्रवार को उस समय दहल गई, जब एक शिया मस्जिद में भीषण आत्मघाती धमाका हुआ। शनिवार तक इस आतंकी हमले में मारे गए लोगों की संख्या बढ़कर 36 हो गई है, क्योंकि अस्पतालों में भर्ती कई गंभीर रूप से घायल लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस हमले की जिम्मेदारी वैश्विक आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (IS) ने ली है। संगठन ने इसे एक फिदायीन ऑपरेशन करार दिया है। धमाके के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और जांच एजेंसियां पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हुई हैं।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
रूस के उफा में मेडिकल यूनिवर्सिटी में चाकू से हमला: रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य की राजधानी उफा में एक मेडिकल यूनिवर्सिटी में चाकू से हमला होने की घटना सामने आई है। इस हमले में कम से कम चार भारतीय छात्रों समेत कई लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भारतीय दूतावास ने शनिवार रात (7 फरवरी 2026) को इस घटना की पुष्टि की। दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि उफा में हुई इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में चार भारतीय छात्र घायल हुए हैं और उन्हें समुचित इलाज मिल रहा है। (पढ़े पूरी खबर)
गौरव गोगोई का मामला गृह मंत्रालय भेजेगी असम सरकार: असम सरकार कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई के पाकिस्तान कनेक्शन मामले को केंद्रीय गृह मंत्रालय भेजेगी। असम कैबिनेट ने शनिवार को यह फैसला लिया। जिसके बारे में रविवार को मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी। असम सरकार कांग्रेस सांसद गौरव की पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न का OCI/वीजा रद्द करने की मांग भी करेगी क्योंकि उनकी मौजूदगी भारत के लिए नुकसानदायक है। (पढ़े पूरी खबर)
चालू वित्त वर्ष में बड़ी योजनाओं पर 9 महीने में आधा बजट भी खर्च नहीं: सरकार ने चालू वित्त वर्ष में अपनी प्रमुख योजनाओं पर अब तक केवल 40 फीसदी बजट ही खर्च किया है। ये वे योजनाएं हैं, जिनके लिए लगभग 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया था और जिनमें केंद्र व राज्यों को साझा रूप से खर्च करना होता है। कम खर्च वाली इन प्रमुख योजनाओं में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के तहत इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना और अनुसूचित जाति के छात्रों के लिए प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना शामिल हैं। इसके अलावा मनरेगा और अनुसूचित जनजाति के छात्रों के लिए पोस्ट-मैट्रिक स्कॉलरशिप योजना में भी अब तक सिर्फ 40 फीसदी बजट खर्च हो पाया है। (पढ़े पूरी खबर)
जापान में संसदीय चुनाव संपन्न: जापान में रविवार महत्वपूर्ण संसदीय चुनाव संपन्न हो गया है। जापानी प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची की सत्ताधारी गठबंधन को एग्जिट पोल में बहुमत मिलता दिख रहा है। जापान में NHK पब्लिक टेलीविजन और अन्य प्रमुख नेटवर्कों ने अपने एग्जिट पोल के हवाले से यह जानकारी दी है। NHK के अनुसार, ताकाइची की लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (LDP) के नेतृत्व वाला गठबंधन 465 सीटों वाली लोअर हाउस (जापान की दो सदनीय संसद में अधिक शक्तिशाली सदन) में दो-तिहाई से अधिक सीटें जीत सकता है। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


