कुमार उत्तम/मुजफ्फरपुर। जिले में गैस पाइपलाइन बिछाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को अभियान के दौरान स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा, जिसके बाद रोड जाम और आगजनी की घटना सामने आई। घटना पटना मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग पर स्थित बालू घाट के कमरा मोहल्ला, स्विच गेट के पास की है, जहां प्रशासन द्वारा सरकारी जमीन पर बने कई मकानों को तोड़ा गया। बताया जा रहा है कि ये सभी मकान सरकारी भूमि पर अवस्थित थे। अभियान के दौरान उस वक्त स्थिति बिगड़ गई जब लाल बाबू नामक व्यक्ति ने अपने मकान को तोड़े जाने का विरोध करते हुए कहा कि जब तक उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था नहीं दी जाएगी, तब तक वे अपना मकान नहीं टूटने देंगे। लाल बाबू को आंशिक राहत मिलने की सूचना के बाद जिन लोगों के मकान पहले ही तोड़े जा चुके थे, वे आक्रोशित हो गए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया और आगजनी शुरू कर दी, जिससे करीब एक घंटे से अधिक समय तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
बिना पूर्व सूचना उनके मकान तोड़ दिए गए
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि वे वर्षों से वहां रह रहे थे और बिना पूर्व सूचना उनके मकान तोड़ दिए गए। कुछ लोगों को नोटिस दिया गया था, लेकिन कई ऐसे परिवार भी थे जिन्हें कोई सूचना नहीं मिली। लोगों का कहना है कि वे गरीब मजदूर हैं और अगर सरकार उनके घर तोड़ रही है तो उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध करानी चाहिए।
अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं थे
घटना के समय अतिक्रमण हटाने वाले अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं थे। बाद में सिकंदरपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर सड़क जाम हटवाया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


