सुरेंद्र जैन, धरसीवां। औद्योगिक क्षेत्र सिलतरा की हनुमान फैक्ट्री में क्रेन ऑपरेटर के पद पर कार्यरत मध्यप्रदेश के अनूपपुर निवासी शिव प्रसाद ध्रुव आदिवासी की एक ढाबा में हत्या का मामला सामने आया है। वहीं घटना के चौबीस घंटे बाद भी मृतक को देखने न तो प्रबंधन की ओर से किसी ने सुध ली न ही ठेकेदार ने कोई सुध ली है। इस घटना से जहां तीन मासूम बच्चों के सर से पिता का साया उठ गया तो वहीं उसकी पत्नी का सिंदूर मिट गया है।
मृतक शिव प्रसाद ध्रुव की पत्नी राधाबाई उईके ने बताया कि उनके पति सिलतरा के हनुमान फैक्ट्री में क्रेन ऑपरेटर थे। मंगलवार की सुबह दस बजे उन्हें सूचना मिली कि आपके पति की हत्या हो गई तब वह अपने बच्चों के साथ अपने मायके देवरी बिछिया मंडला से धरसीवां चीरघर पहुंची, लेकिन यहां फैक्ट्री वाले या ठेकेदार कोई देखने तक नहीं आए।


तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
राधा बाई उईके ने बताया कि उनका विवाह 2013 में अनूपपुर निवासी मृतक शिवप्रसाद ध्रुव पिता पटवारी सिंह ध्रुव के साथ हुआ था। उनके पति विवाह के पहले से ही सिलतरा की फैक्ट्री में काम करते थे। विवाह के बाद उनके तीन बच्चे हुए, जिनमें बड़ा 14 वर्षीय रितेश, उससे छोटी 10 वर्षीय कुमारी रिया और 8 वर्षीय कुमारी मेघा ध्रुव हैं।
करीब 15 साल से कर रहा था फैक्ट्री में काम
मृतक शिव प्रसाद के साले सोहेंद्र सिंह उईके ने बताया कि उनके जीजाजी बीते करीब 15 सालों से सिलतरा की फैक्ट्री में काम कर रहे थे। अभी वह काफी समय से हनुमान फैक्ट्री में ठेकेदार एके सिंह के अधीन क्रेन ऑपरेटर का काम करते थे। घटना की सूचना के बाद से वह ठेकेदार को काॅल कर रहे, लेकिन वह रिसीव नहीं कर रहे। इस मामले में हनुमान फैक्ट्री के ठेकेदार एके सिंह से बात करने पर उन्होंने बताया कि मृतक बीते दस दिनों से ही उनके अधीन हनुमान फैक्ट्री में काम कर रहा था।
जानिए क्या कहती है पुलिस?
धरसीवां टीआई राजेंद्र दीवान और सिलतरा पुलिस चौकी प्रभारी राजेंद्र सिंह कंवर ने बताया कि सोमवार की शाम डोलिया फैक्ट्री के समीप एक होटल में शिवप्रसाद ध्रुव की हत्या की खबर मिली। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए धरसीवां चीरघर भेजा और मृतक के परिवार को सूचना दी। इस मामले में कुछ संदेहियों को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही हत्या का खुलासा होगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें


