सोहराब आलम/मोतिहारी। जिले में सूखा नशा (स्मैक और गांजा) के काले कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस कप्तान स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर विशेष अभियान तेज कर दिया गया है। इसी कड़ी में पुलिस ने बंजरिया थाना क्षेत्र में छापेमारी कर नशे के सौदागरों के नेटवर्क को एक और करारा झटका दिया है।
गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई
सदर डीएसपी (वन) दिलीप कुमार को पुख्ता सूचना मिली थी कि बंजरिया के सिंघिया गुमटी स्थित एक दुकान की आड़ में नशीले पदार्थों की बिक्री हो रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने प्रशिक्षु आईपीएस हेमंत सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की। इस टीम में प्रशिक्षु डीएसपी कुमारी प्रियंका और बंजरिया थाना की पुलिस शामिल रही।
भारी मात्रा में स्मैक और गांजा बरामद
सिंघिया गुमटी के पास सघन तलाशी अभियान चलाया गया। एक संदिग्ध दुकान पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने 9 पुड़िया गांजा और 27 पुड़िया स्मैक बरामद की। मौके से नशे के कारोबार में संलिप्त एक महिला को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की है और महिला के खिलाफ कड़ी धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
अब नशा करने वालों की खैर नहीं
एसपी स्वर्ण प्रभात ने स्पष्ट संदेश दिया है कि यह अभियान केवल तस्करों तक सीमित नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि पहले चरण में व्यापार करने वालों को पकड़ा जा रहा है, जिसके बाद नशे का सेवन करने वाले लोगों को चिह्नित कर उन पर भी कानूनी गाज गिरेगी। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से स्थानीय इलाकों में नशा माफियाओं के बीच हड़कंप मच गया है, वहीं आम जनता ने पुलिस की इस पहल का स्वागत किया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


