दक्षिणी दिल्ली के किशनगढ़ इलाके में कार मार्केट के पास गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही किशनगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

रात 12:53 बजे मिली गोली लगने की सूचना

पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर की रात करीब 12:53 बजे किशनगढ़ स्थित कार मार्केट के पास सामुदायिक केंद्र के नजदीक एक व्यक्ति के गोली लगने से घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत

घटना के बाद फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौके से अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब मृतक की पहचान करने के साथ-साथ गोलीबारी के पीछे की वजह और वारदात में शामिल आरोपियों का पता लगाने में जुटी है।

फिलहाल, घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही वारदात की परिस्थितियों और संभावित आरोपियों के बारे में विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m