कुलदीप सिंह, फतेहपुर. जिले में बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के दुगरेई गांव में एक देशी शराब के ठेके पर सो रहे सेल्समैन की अज्ञात हमलावरों ने निर्मम हत्या कर दी. हमलावरों ने सोते समय सेल्समैन के सिर पर पेड़ की टहनी से कई वार किए और ठेके से नकदी लूटकर फरार हो गए. सनसनीखेज वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
इसे भी पढ़ें- ‘योगी के सुशासन’ में माफियाओं की मौज! 100 वर्ष पुराने गुरुकुल की जमीन पर कब्जे का आरोप, प्राचार्य और छात्रों ने CM से लगाई न्याय गुहार
बता दें कि कल देर रात्रि थाना बिंदकी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम दुगरेई में डायल-112 पर रात करीब 1:50 बजे सूचना मिली कि देशी शराब के ठेके पर सेल्समैन सतेंद्र सिंह चौहान के साथ मारपीट की गई है. ठेके की चाबी निकालकर उसमें रखे पैसे भी निकाल लिए गए हैं. सूचना मिलते ही पीआरवी मौके पर पहुंची, जहां सतेंद्र सिंह घायल अवस्था में मिले. पुलिस तत्काल उन्हें अस्पताल लेकर गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना पर उच्चाधिकारियों और एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. जांच में पाया गया कि मृतक सतेंद्र सिंह रात में ठेके के पास स्थित कैंटीन के बाहर बिछी खाट पर सो रहे थे. उनके सिर पर किस वस्तु से वार किया गया, इसकी तलाश के दौरान कुछ दूरी पर एक तिरपाल के अंदर खून से सनी पेड़ की एक डाली बरामद हुई. प्रथम दृष्टया यही प्रतीत होता है कि इसी डाली से उनके सिर पर घातक वार किए गए हैं.
इसे भी पढ़ें- दंगा, भ्रष्टाचार और बिरयानी, सपा राज की… अखिलेश यादव की तस्वीर के साथ लगे आपत्तिजनक पोस्टर, जानिए ऐसा क्या लिखा था कि भड़क उठे सपाई
प्रारंभिक जांच और बिक्री के हिसाब-किताब के अनुसार, कल दोपहर 2 बजे कलेक्शन करने वाले व्यक्ति द्वारा रुपये एकत्र किए गए थे. इसके बाद दोपहर 2 बजे से लेकर घटना तक देशी शराब के 90 पाउच की बिक्री होना पाया गया है. इस आधार पर ठेके से करीब 5 से 6 हजार रुपये कम पाए गए हैं, जिससे हमलावरों द्वारा नकदी लूटकर ले जाने की पुष्टि होती है. फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीम सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहराई से तफ्तीश कर रही है. मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा.

