कुंदन कुमार, पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों से ठीक पहले राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया है कि इस चुनाव में महागठबंधन राज्य की सभी सीटों पर परचम लहराएगा और ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगा। तेजस्वी ने अपने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने बदलाव के पक्ष में एकतरफा मतदान किया है और वोट चोरी करने वालों की चाल इस बार सफल नहीं होगी।
फर्जी मतदाताओं का मुद्दा और चुनाव आयोग से शिकायत
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष फर्जी मतदाताओं के दम पर चुनाव जीतने की नाकाम कोशिश कर रहा था। उन्होंने कहा, विरोधी दल फर्जी वोटों के सहारे चुनाव परिणाम को प्रभावित करना चाहते थे। हमारी पार्टी ने समय रहते चुनाव आयोग से शिकायत कर हजारों फर्जी मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से कटवाए। तेजस्वी के मुताबिक, आयोग की कार्रवाई के बावजूद बड़ी संख्या में फर्जी नाम लिस्ट में रह गए थे, लेकिन इससे जनादेश पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
नहीं गलेगी वोट चोरों की दाल
तेजस्वी यादव ने चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी की कोशिशों पर तंज कसते हुए कहा कि राज्य की जागरूक जनता ने वोट चोरों को पूरी तरह से नकार दिया है। लोकतंत्र में जनमत ही सबसे बड़ा फैसला होता है, जिसे अब कोई बदल नहीं सकता। उन्होंने आत्मविश्वास जताते हुए कहा कि धांधली की हर कोशिश के बावजूद जनता का फैसला सामने आएगा और महागठबंधन की सरकार बनना तय है।

