बेगूसराय। जिले में शादी की खुशियां उस समय दहशत में बदल गईं, जब शक्ति प्रदर्शन के नाम पर हुई ‘हर्ष फायरिंग’ ने दुल्हन के भाई को ही जख्मी कर दिया। इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए मुख्य आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामला बेगूसराय के परिहारा थाना क्षेत्र का है। 6 फरवरी को सुशील सिंह नामक व्यक्ति की बेटी की शादी थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस समारोह में शक्ति प्रदर्शन के नाम पर दर्जनों अपराधियों ने घोड़ों पर सवार होकर पूरे गांव में मार्च निकाला। हाथों में अवैध रायफल, बंदूकें और कट्टे लेकर घूम रहे इन लोगों ने पंडाल से लेकर सड़क तक अंधाधुंध फायरिंग की, जिससे पूरे गांव में डर का माहौल बन गया।

​दुल्हन का भाई हुआ घायल

​हर्ष फायरिंग के दौरान एक गोली दुल्हन के भाई सौरभ के पैर में लग गई। बताया जा रहा है कि गोली सौरभ के ही एक दोस्त की पिस्टल से चली थी। पुलिस की कार्रवाई के डर से घायल सौरभ को अस्पताल ले जाने के बजाय घर पर ही चोरी-छिपे इलाज दिया जा रहा है। दिलचस्प बात यह है कि मुख्य आरोपी सुशील सिंह और उसका बेटा सौरभ दोनों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।

​वायरल वीडियो ने खोली पोल

​सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में तीन युवक भोजपुरी गानों की धुन पर हथियार लोड करते और हवा में गोलियां दागते साफ नजर आ रहे हैं। मुख्यालय डीएसपी निखिल कुमार ने बताया कि वीडियो का सत्यापन हो चुका है। पुलिस ने सुशील सिंह, सौरभ सिंह, पवन सिंह और प्रिंस कुमार समेत कई अज्ञात लोगों पर नामजद एफआईआर दर्ज की है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम छापेमारी कर रही है।