CM रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा परिसर में GMR द्वारा स्थापित 120 मिस्ट स्प्रे(Mist Spray) सिस्टम का उद्घाटन किया। यह पहल राजधानी में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने और यात्रियों को स्वच्छ व स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। एयरपोर्ट का संचालन करने वाली GMR Group ने बताया कि मिस्ट स्प्रे सिस्टम हवा में मौजूद धूल और प्रदूषक कणों को कम करने में मदद करेगा, जिससे यात्रियों और कर्मचारियों को बेहतर वायु गुणवत्ता मिल सकेगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार प्रदूषण नियंत्रण के लिए शॉर्ट टर्म, मिड टर्म और लॉन्ग टर्म रणनीतियों पर वैज्ञानिक तरीके से काम कर रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल अस्थायी राहत नहीं, बल्कि प्रदूषण की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है।

इस कार्यक्रम में दक्षिण दिल्ली के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, बिजवासन के विधायक कैलाश गहलोत, GMR Group के निदेशक नारायण राव काड़ा सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस मौके पर बताया कि दिल्ली सरकार पहले ही राजधानी की प्रमुख सड़कों और 143 एलिवेटेड मेट्रो स्टेशनों पर मिस्ट स्प्रे सिस्टम स्थापित कर चुकी है। इसके साथ-साथ रियल-टाइम मॉनिटरिंग नेटवर्क का विस्तार 46 मेट्रो स्टेशनों तक कर दिया गया है, जो देश के किसी भी शहर में इस तरह का सबसे बड़ा नेटवर्क माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘वायु रक्षक’ पहल के माध्यम से प्रदूषण मानकों के सख्त अनुपालन को सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि राजधानी में वायु गुणवत्ता को बेहतर बनाया जा सके और लोगों को साफ हवा मिल सके।

दिल्ली एयरपोर्ट बनेगा विश्व प्रसिद्ध- मुख्यमंत्री गुप्ता

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा को देश का सबसे व्यस्त राष्ट्रीय राजधानी एयरपोर्ट बताते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में यह 100 मिलियन यात्रियों का आंकड़ा पार कर दुनिया के शीर्ष पांच सबसे बड़े एयरपोर्ट्स में शामिल हो सकता है। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट पर स्थापित मिस्ट सिस्टम यात्रियों को बेहतर वायु गुणवत्ता का अनुभव कराएगा और दिल्ली की पर्यावरणीय छवि को भी मजबूत करेगा।

मुख्यमंत्री ने GMR Group को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह पहल सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण की भावना का प्रतीक है। जब सरकार और निजी संस्थान साझा विजन के साथ मिलकर काम करते हैं तो विकास की गति कई गुना बढ़ जाती है।उन्होंने बताया कि भविष्य में इस मिस्ट सिस्टम का विस्तार 600 पोल्स तक किया जाएगा, जिससे एयरपोर्ट और उसके आसपास के इलाकों में धूल नियंत्रण और अधिक प्रभावी होगा तथा प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी।

 दिल्ली में इलेक्ट्रिक बसें बढ़ेंगी

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार साल 2029 तक सार्वजनिक बस बेड़े को पूरी तरह इलेक्ट्रिक करने की दिशा में काम कर रही है। इसके साथ ही मेट्रो नेटवर्क के विस्तार, ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास, शहरभर में 1,000 से अधिक वाटर स्प्रिंकलर तैनात करने और निर्माण स्थलों पर एआई आधारित डस्ट मॉनिटरिंग लागू करने जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इन पहलों से न केवल प्रदूषण में प्रभावी कमी आएगी, बल्कि राजधानी को देश के सबसे रहने योग्य शहरों में शामिल करने का लक्ष्य भी साकार किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि दिल्ली को साफ हवा, ग्रीन ट्रांसपोर्ट और सस्टेनेबल ग्रोथ के मार्ग पर आगे बढ़ाना ही सरकार की प्राथमिकता है और इस दिशा में लगातार काम जारी रहेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m