Bihar News: बिहार के पूर्णिया से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां आज बुधवार को एक बड़ी घटना होते-होते टल गई। दरअसल यहां महिलाओं और ग्रामीणों ने बच्चा चोर होने के शक में एक डांसर (कलाकार) की घेरकर जमकर पिटाई कर दी। हालांकि पुलिस और जन प्रतिनिधियों की सक्रियता से मॉब लिचिंग की घटना होते-होते बच गई। पूरा मामला जलालगढ़ थाना क्षेत्र के करियात गांव की है।

पीड़ित की पहचान राधेश्याम मेहता के रूप में हुई है, जो मूल रूप से अररिया जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र के लालमोहन नगर के रहने वाले हैं। बता दें कि राधेश्याम पेशे से एक डांसर है, जो किसी कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के लिए गांव में आए हुए थे। प्रदर्शन के लिए वह अपने वेशभूषा (मेकअप-श्रृंगार) में तैयार थे। उनके इस रूप को देख गांव के बच्चे डर गए, जिसके बाद गांव में यह अफवाह फैल गई की गांव में बच्चा चोर घूम रहा है।

इस बीच ग्रामीणों और स्थानीय महिलाओं ने राधेश्याम को घेरकर पकड़ लिया और उसे पीटना शुरू कर दिया। घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उसे भीड़ के चुंगल से छुड़ाया। उसके पास से मेकअप और श्रृंगार के सामान भी बरामद हुए, तब जाकर लोगों का गुस्सा शांत हुआ।

ये भी पढ़ें- मातम में बदली शादी की खुशियां: बहन की शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे भाई की दर्दनाक मौत, बाइक समेत नहर में गिरा युवक