T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 में टीम इंडिया एकदम सही राह पर है. उसने पहले चारों मैच जीत लिए हैं. ग्रुप स्टेज का पड़ाव पार कर चुकी टीम इंडिया अब सुपर 8 में दम दिखाएगी, लेकिन जैसे ही उसने सुपर 8 के ग्रुप 1 में एंट्री की, वैसे ही उसके सामने वो खतरा आकर खड़ा हो गया, जिसने 2009 में हर भारतीय फैंस का दिल तोड़ा था. अब पूरे 17 साल बाद एक बार फिर वही साया टीम इंडिया की नींद उड़ा रहा है.

ये वही संयोग है, जो टीम इंडिया को सेमीफाइनल में एंट्री नहीं करने देता. हालांकि देखना होगा कि इस बार सूर्यकुमार यादव की कप्तानी से सजी टीम इंडिया क्या इस संयोग को मात देकर इतिहास रच पाएगी या नहीं. अब सवाल ये है कि आखिर ये कौन सा संयोग है, जो टीम इंडिया के लिए एक बड़ा खतरा माना जा रहा है, आइए जानते हैं.

आखिर क्या है 17 साल पुराना संयोग

संयोग ये है कि 2009 के टी20 विश्व कप में जब टीम इंडिया सुपर 8 में पहुंची थी तो उसके ग्रुप में वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका की टीमें थीं. तीसरी टीम इंग्लैंड थी. इस बार भी सुपर 8 के ग्रुप 1 में भारत के साथ विंडीज और अफ्रीका की टीमें हैं. बस फर्क इतना है कि उस दफा इंग्लैंड थी, लेकिन इस बार जिम्बाब्वे की टीम है, जिसने ग्रुप स्टेज के सभी तीनों मैच जीते हैं. उसने ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका जैसी मजबूत टीमों को मात दी है.

पुराने दुश्मनों से होगी जंग

2009 के टी20 विश्व कप में टीम इंडिया को वेस्टइंडीज, साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड तीनों ने मात दी थी, लिहाजा उसका सफर सुपर 8 में ही खत्म हो गया था और खिताब जीतने का सपना चकनाचूर हुआ था. अब इतिहास में यह दूसरी दफा होने जा रहा है जब सुपर 8 के ग्रुप 1 में भारत के साथ वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका की टीमें हैं, इंग्लैंड की जगह जिम्बाब्वे है. ऐसे में अगर इतिहास अपने आप को दोहराता है तो टीम इंडिया को सुपर 8 में अफ्रीका और विंडीज हरा सकती हैं.

जिम्बाब्वे भी इंग्लैंड वाला रोल अदा करके भारत को मात दे सकता है. यही वजह है कि इस ग्रुप को ‘ग्रुप ऑफ डेथ’ कहा जा रहा है, जिसमें टीम इंडिया के लिए अपने पुराने दुश्मन अफ्रीका और वेस्टइंडीज से बचने की चुनौती होगी.

सूर्या ब्रिगेड कैसे पार करेगी ये पड़ाव?

सुपर 8 के लिए जो ग्रुप 1 और ग्रुप 2 बने हैं, इनमें से टॉप 2 टीमें सेमीफाइनल में जाएंगी. मतलब उन्हीं टीमों को अगले दौर में एंट्री मिलेगी, जो अपने तीन में से कम से कम 2 मैच जीतेंगी. टीम इंडिया सुपर 8 में 22 फरवरी को अहमदाबाद में साउथ अफ्रीका से टक्कर लेगी, फिर 26 तारीख को चेन्नई में जिम्बाब्वे और 1 मार्च को कोलकाता में वेस्टइंडीज से बड़ा मैच तय है. इतिहास और संयोग को ध्यान में रखें तो सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम इंडिया के सामने इतिहास को दोहराने से बचना और जीत की लय बरकरार रखने की चुनौती है.