पटना। अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप में भारत को छठी बार चैंपियन बनाने वाले बिहार के लाल वैभव सूर्यवंशी रविवार को पटना पहुंचे। एयरपोर्ट पर उतरते ही प्रशंसकों ने इस युवा दिग्गज को घेर लिया और ‘भारत माता की जय’ के नारों के साथ उनका स्वागत किया। महज 14 साल की उम्र में दुनिया को अपनी बल्लेबाजी का कायल बनाने वाले वैभव के सम्मान में आज शाम 4 बजे मुख्यमंत्री आवास पर विशेष समारोह आयोजित किया गया है।

​सरकार करेगी ‘बिहार के गौरव’ का अभिनंदन

​बिहार सरकार वैभव की इस उपलब्धि को राज्य के खेल इतिहास का स्वर्णिम पल मान रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी में होने वाले इस सम्मान समारोह में खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, मंत्री विजय चौधरी और दोनों उपमुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य राज्य की युवा खेल प्रतिभाओं को प्रेरित करना और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करना है।

​फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ मचाया कोहराम

​हरारे क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए फाइनल मुकाबले में वैभव ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से इतिहास रच दिया। उन्होंने मात्र 175 रनों की पारी खेली, जिसमें 15 चौके और 15 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। यानी 150 रन तो उन्होंने महज बाउंड्री से बटोरे। उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने 411 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया और इंग्लैंड को 100 रनों से हराकर खिताब पर कब्जा किया।

​तोड़े दिग्गजों के रिकॉर्ड्स

वैभव ने इस टूर्नामेंट के जरिए रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया है:
​सर्वाधिक रन: यूथ वनडे में 1412 रन बनाकर उन्होंने विजय जोल (1404 रन) का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
​सबसे तेज 150: महज 71 गेंदों में 150 रन पूरे कर उन्होंने अपना ही पुराना रिकॉर्ड बेहतर किया।
​बाउंड्री किंग: एक पारी में बाउंड्री से 150 रन बनाने वाले वे दुनिया के पहले बल्लेबाज बने।
​ऐतिहासिक स्कोर: 175 रन की पारी वर्ल्ड कप में किसी भी भारतीय द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है, जिसने राज बावा (162) को पीछे छोड़ दिया।