Bihar Road Accident: पटना–आरा मुख्य मार्ग पर आज रविवार को हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपत्ति की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक पति-पत्नी देवी पूजा में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना बिहटा थाना क्षेत्र के खेदलपुरा गांव के पास की है।

मृतक दंपत्ति भोजपुर जिले के रहने वाले थे, जिनकी पहचान त्रिशूल पांडेय (55) और उनकी पत्नी गीता देवी (50) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि, दोनों एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पटना की ओर जा रहे थे। इस बीच खेदलपुरा के पास पीछे से आ रही एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, घटना में शामिल ट्रक को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है, जिसे हादसे के बाद ट्रक चालक घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया था। फिलहाल पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में लगी हुई है।

हादसे को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी का माहौल है। लोगों ने बताया की जिस स्थान पर आज हादसा हुआ है। ठीक उसी स्थान पर दो दिन पहले भी हादसा हुआ था, जिसमें महिला की मौत भी हुई थी। लोगों ने प्रशासन से ट्रैफिक व्यवस्था को दुरस्त करने की मांग की है।

ये भी पढ़ें- भिवाड़ी पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट मामला: राजस्थान से मोतिहारी पहुंचा 7 मजदूरों का शव, परिजनों में मचा कोहराम