कुलदीप सिंह, फतेहपुर. फतेहपुर जिले में एमएलसी चुनाव की वोटिंग के दौरान खागा तहसील के विजयीपुर विकास खंड में उस समय अफरातफरी मच गई, जब समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए. दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक के बाद जमकर हाथापाई हुई, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
बता दें कि मतदान के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई थी. इस दौरान समाजवादी पार्टी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मतदान केंद्र पर फर्जी वोटिंग कराई जा रही है. विवाद बढ़ने पर सपा नेता नरेश कोरी और विजयीपुर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि व बीजेपी नेता आदित्य त्रिवेंद्र तथा उनके समर्थक आमने-सामने आ गए.
इसे भी पढ़ें : Gen Z का चुनाव पर कितना असर? दिनेश प्रताप सिंह ने मतदाताओं की पर्चियों का दिया हवाला
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिस बल हरकत में आया. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों पक्षों के बीच-बचाव कराया और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति शांतिपूर्ण है और वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है.

