रविंद्र भारद्वाज, रायबरेली. उत्तर प्रदेश के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने शुक्रवार को लखनऊ खंड स्नातक-शिक्षक द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 में मतदान किया. वह अपने बेटे एवं ब्लॉक प्रमुख पीयूष प्रताप सिंह के साथ पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज स्थित मतदान केंद्र पहुंचे और वोट डाला. मतदान के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने भाजपा प्रत्याशियों की जीत का भरोसा जताया.
मंत्री ने कहा कि मतदाता भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान कर रहे हैं. वीडियो में वह स्नातक क्षेत्र के प्रत्याशी इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह और शिक्षक क्षेत्र के प्रत्याशी उमेश द्विवेदी का समर्थन करते हुए उन्होंने दावा किया कि भाजपा के दोनों प्रत्याशी भारी बहुमत से जीतेंगे और लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व पर भरोसा है.
इसे भी पढ़ें : यूपी MLC चुनाव में मुजफ्फरनगर में सपा-भाजपा भिड़ंत, कई जगहों पर विवाद
Gen Z के चुनावी असर से जुड़े सवाल पर सिंह ने कहा कि उनके कैंप में मतदाताओं की पर्चियां बनवाने के लिए भीड़ जुट रही है. उन्होंने इसे भाजपा के प्रति समर्थन का संकेत बताया. रायबरेली में स्नातक सीट पर सपा प्रत्याशी कांति सिंह और भाजपा प्रत्याशी अवनीश सिंह के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है. दोपहर 12 बजे तक लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 15.47 प्रतिशत और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 30.38 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. मतदान प्रक्रिया जारी रहने के बीच राजनीतिक सरगर्मी तेज बनी हुई है.

