हरियाणा के कैथल जिले में डीएसपी–हेड कांस्टेबल विवाद पर जिले के एसपी ने बड़ा एक्शन लिया है। एसपी ने एक इंस्पेक्टर समेत 9 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। दरअसल, सोशल मीडिया पर आरोपों की चिंगारी ने ऐसा रूप लिया कि एसपी ने सख्त रुख अपनाते हुए नशा जागरूकता टीम सहित कुल 9 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया।

Kaithal DSP Lalit Yadav was accused of intimidation by Head Constable Sunil Sandhu SP Upasana Singh ordered an inquiry

क्या है पूरा विवाद ?

हेड कांस्टेबल सुनील संधू, जो राज्य सरकार के नशा मुक्ति अभियान से एक्टिव रूप से जुड़े रहे हैं, ने फेसबुक पर पोस्ट करके दावा किया कि कलायत के DSP ललित यादव ने कथित तौर पर उन्हें झूठे “स्मैक” (हेरोइन) केस में फंसाने की धमकी दी थी। संधू ने कहा कि एडमिनिस्ट्रेशन के कहने पर एंटी-ड्रग कैंपेन चलाने के बावजूद उन्हें मेंटली परेशान किया गया और उन पर दबाव डाला गया।

इन पुलिस अधिकारियों के खिलाफ एक्शन

जिन लोगों पर कार्रवाई की गई है, उनमें इंस्पेक्टर साहिल, एसआई कर्मबीर, एएसआई ओमप्रकाश, हेड कांस्टेबल सुनील संधू, सिपाही रेखा व सोनिया और एसपीओ जसविंदर, राजपाल व प्रदीप आए हैं। गौरतलब है कि हेड कांस्टेबल सुनील संधू ने कलायत के डीएसपी पर झूठे नशा केस में फंसाने का आरोप लगाते हुए पोस्ट वायरल की थी। जांच जारी है, लेकिन इस बड़ी कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मचा है।

पंजाब के वित्त मंत्री ने उठाया मुद्दा

इस मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने सुनील संधू का मामला उठाते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर निशाना साधा। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा, “हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी पंजाब के मामलों में दखल देने के लिए अपनी बेबाक बातों के लिए जाने जाते हैं। लेकिन उन्हें हरियाणा में अपनी ही बीजेप सरकार के बारे में ये साफ करना चाहिए कि उनके राज्य में ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई करने वाले ईमानदार पुलिस अधिकारियों पर दबाव क्यों डाला जा रहा है और ड्रग तस्करों को खुलेआम पैसा और सपोर्ट क्यों मिल रहा है? सैनी साहब, याद रखें कि पंजाब में राजनीति करने के बजाय आपके लिए अपने राज्य के हालात पर जवाब देना ज्यादा जरूरी है। ड्रग तस्करों का सपोर्टर बनकर हरियाणा के लोगों को परेशान न करें।”

AAP नेता का हमला

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर हरियाणा सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा, “हरियाणा में नायब सिंह सैनी सरकार है या ड्रग्स तस्करों की सरकार है? एक पुलिसकर्मी को नशा रोकने पर धमकियां मिल रही हैं। पुलिस के सीनियर अधिकारी उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। जब पुलिसकर्मी ही इतना मजबूर है कि सोशल मीडिया पर अपना दर्द बताना पड़ रहा है, तो सोचिए ड्रग्स का कारोबार हरियाणा में बीजेपी सरकार की सरपरस्ती में कैसे खुलेआम चल रहा है।”

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m