धमतरी. होली त्यौहार पर धमतरी जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक ने 35 आदतन बदमाशों और निगरानी बदमाशों को तलब कर सख्त चेतावनी दी है. पुलिस लाईन रूद्री में सभी बदमाशों को परेड कराई गई, साथ ही  क्राइम में संलिप्त पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने सभी को समझाइश देते हुए समाज की मुख्यधारा में रहकर सकारात्मक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया. स्पष्ट किया गया कि जिनका आचरण निरंतर संतोषजनक रहेगा, उन्हें माफी सूची में शामिल करने पर विचार किया जा सकता है. साथ ही सभी से शांति बनाए रखने की शपथ दिलाई गई. 

धमतरी एसपी ने जिले के उभरते हुए गुंडा-बदमाशों, असामाजिक तत्वों, अड्डेबाजी करने वाले व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखने और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं. सभी टीआई को अपने थाना इलाकों के संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले स्थानों में पेट्रोलिंग, फ्लैग मार्च और सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए. वहीं आदतन अपराधियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं और माइनर एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई कर जेल भेजा जाएगा.

आमजनता से पुलिस की अपील 

धमतरी पुलिस ने होली पर्व को लेकर आम नागरिकों से अपील की है. कहा गया कि होली पर्व को आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाएं. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें.