Chandra Grahan 2026 : साल का पहला चंद्र ग्रहण आज लग रहा है. हिंदू धर्म में चंद्र ग्रहण को सिर्फ खगोलीय घटना नहीं, बल्कि धार्मिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जाता है. पंचांग के अनुसार यह ग्रहण सिंह राशि और पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र में लग रहा है. भारतीय समय के अनुसार ग्रहण दोपहर 3:20 बजे से शुरू होगा, लेकिन उस समय भारत में चंद्रमा दिखाई नहीं देगा.

भारत में चंद्रमा का उदय शाम लगभग 6:26 बजे से 6:32 बजे के बीच होगा. उसी समय ग्रहण का अंतिम चरण चल रहा होगा. ग्रहण करीब 6:46 से 6:47 बजे के बीच समाप्त हो जाएगा. यानी भारत में यह चंद्र ग्रहण केवल 15 से 20 मिनट के लिए ही दिखाई देगा. भारत में यह चंद्र ग्रहण ‘ग्रस्तोदित’ रूप में नजर आने वाला है. यानी जब चंद्रोदय होगा. उससे पहले ही ग्रहण चंद्रमा को ग्रस लेगा.

ग्रहण के दौरान मंत्र जाप

ग्रहण के दौरान मंत्र जाप करना बहुत फलदायी माना गया है. जिन लोगों की कुंडली में चंद्रमा की स्थिति कमजोर है, वे चंद्र मंत्र ओम श्रां श्रीं श्रौं सः चन्द्रमसे नमः का जाप कर सकते हैं. इसके अलावा ओम नमो भगवते वासुदेवाय मंत्र का जाप भी किया जा सकता है. महामृत्युंजय मंत्र और गायत्री मंत्र का जाप भी इस समय लाभकारी माना गया है.