सोहराब आलम/मोतिहारी। होली के त्योहार से पहले शराब तस्करों के मंसूबों पर पानी फेरते हुए मोतिहारी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पिपरा कोठी थाना क्षेत्र के बिशुनपुर गांव में पुलिस ने छापेमारी कर अवैध रूप से संचालित एक मिनी शराब फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने न केवल भारी मात्रा में उपकरण बरामद किए हैं, बल्कि भारी मात्रा में नकद राशि भी जब्त की है।
गुप्त सूचना पर पुलिस का एक्शन
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिशुनपुर गांव में स्प्रिट माफिया रंजन कुमार और संजय राय मिलकर नकली शराब बनाने का अवैध धंधा चला रहे हैं। सूचना की सटीकता की पुष्टि के बाद सदर एसडीपीओ जितेश पांडे के नेतृत्व में एक टीम गठित कर इलाके की घेराबंदी की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में कच्चा स्प्रिट, पाउच बनाने वाली मशीन, पैकिंग रैपर और पैकिंग मशीन बरामद की।
लाखों की नकदी और माफिया गिरफ्तार
इस सफल रेड में पुलिस ने 6 लाख 59 हजार रुपये की नकद राशि भी बरामद की है, जिसे शराब की बिक्री से जुटाया गया माना जा रहा है। पुलिस ने मौके से दोनों मुख्य आरोपियों, रंजन कुमार और संजय राय को गिरफ्तार कर लिया है।
एसडीपीओ का बयान
मामले की जानकारी देते हुए सदर एसडीपीओ जितेश पांडे ने बताया कि होली के त्योहार के मद्देनजर पुलिस अलर्ट पर है। तस्कर भारी मात्रा में जहरीली शराब खपाने की तैयारी में थे, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है ताकि इस सिंडिकेट के अन्य नेटवर्क का भी पता लगाया जा सके।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

