Holi 2026: बिहार समेत देशभर में आज बड़े ही धूमधाम के साथ होली का त्योहार मनाया जा रहा है। लोग एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर हंसी-खुशी के साथ होली मना रहे हैं। इस मौके पर बिहार के मुखिया समेत कई बड़े नेताओं ने प्रदेशवासियों को होली की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी है।

CM नीतीश ने दी होली की बधाई

सीएम नीतीश ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए राज्यवासियों को होली की बधाई दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा- रंगों के त्योहार होली की बधाई एवं शुभकामनाएं। होली सामाजिक समरसता का प्रतीक है। होली का यह पवित्र त्योहार राज्यवासियों के जीवन में खुशियों के नए रंग लेकर आए। यह पवित्र त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत का भी प्रतीक है। होली का त्योहार प्रेम, भाईचारे एवं सद्भाव के साथ मनाएं।

मन के मैल भी धो डालें- तेजस्वी

वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने लिखा- रंगों का ये पावन पर्व हमें याद दिलाता है कि इंसानियत का रंग सबसे गहरा और सबसे खूबसूरत होता है। आज जब हम एक दूसरे को गुलाल लगाएं तो दिलों की दूरियां भी मिटा, मन के मैल भी धो डालें।

उन्होंने आगे कहा, आइए इस होली, नफरत की हर रेखा को प्रेम के रंग से भर दें, भेदभाव की हर दीवार को भाईचारे से ढहा दें। आपस में अमन शांति और एकता का एकमात्र रंग में रंग जाएं। आप सभी बिहारवासियों और देशवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं। सुख और ख़ुशियों से आप सबों का जीवन सदैव भरा रहे।

लालू ने खास अंदाज में दी होली की शुभकामनाएं

राजद सुप्रीमो लालू यादव ने भी बिहारवासियों को होली की बधाई दी। उन्होंने लिखा- आप सभी को होली की मुबारकबाद। होली के पावन अवसर पर पावन रंगों में रंगे अपने जीवन के अनुभव और सेवा का संकल्प आपके चरणों में अर्पित करता हूं।

लालू यादव ने कहा कि, संघर्ष की धूप में तपकर जो कुछ भी मैंने सीखा, वह यह है की इंसान का सबसे सच्चा रंग उसका मानवता के प्रति समर्पण होता है। आइए, इस होली हम समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने का वचन दोहराए। रिश्तों, नातों, भाईचारे और भविष्य के उज्जवल सपनों और मानवता की भलाई वाले रंग अपनाएं तथा एक दूसरे पर बस यही एक रंग चढ़ाएं।मेरी कामना है कि आपके घर में खुशियों का रंग बरसे, समाज में सेवा, सद्भाव और सुख का रंग कभी फीका न पड़े। आप सभी को होली की हृदय से शुभकामनाएं।

हर घर-आंगन में हो नई ऊर्जा का संचार- सम्राट चौधरी

बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने अपने संदेश में लिखा- समस्त देशवासियों को रंगों, उमंगों और खुशियों के पावन पर्व होली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। बुराई पर अच्छाई की विजय का यह पावन उत्सव आप सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और अपार खुशहाली लेकर आए। रंगों का यह त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द को और अधिक सुदृढ़ करे तथा हर घर-आंगन में नई ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मकता का संचार करे।

विजय सिन्हा ने भी दी बधाई

वहीं, डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने होली की बधाई देते हुए कहा- आप सभी को रंगों के पावन पर्व होली की हार्दिक बधाई एवं मंगलमय शुभकामनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि प्रेम, उल्लास और उमंग का यह पावन उत्सव आप सभी के जीवन में सुख-समृद्धि, आरोग्य और अपार खुशहाली लेकर आए। आपसी भाईचारा, सौहार्द और सद्भाव के रंग सदैव हमारे समाज को एक सूत्र में बांधे रखें। उन्होंने कहा कि, रंगों की इस पावन बेला पर आप सभी का जीवन आनंद और सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण हो। होली की पुनः हार्दिक शुभकामनाएं।

ये भी पढ़ें- होलिका दहन पर हथियार लहराते दिखे जदयू के पूर्व विधायक गोपाल मंडल, पुलिस ने दर्ज की FIR