प्रधानमंत्री मोदी 8 मार्च को दिल्ली में मेट्रो विस्तार की बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस कार्यक्रम के तहत दो नए मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन किया जाएगा, जबकि तीन नए कॉरिडोर की आधारशिला रखी जाएगी। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद राजधानी को देश की पहली ‘रिंग मेट्रो’ सुविधा मिलेगी, जिससे शहर के अलग-अलग हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी और बेहतर होगी। इससे यात्रियों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने गुरुवार को Kashmere Gate ISBT के पास स्थित मॉनेस्ट्री मार्केट इलाके में एक फुट ओवर ब्रिज (FOB) की आधारशिला रखने के कार्यक्रम के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी में रहने वाले सभी लोगों चाहे वे किसी भी राज्य से हों का सम्मान करती है और सभी के लिए बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के विकास के लिए परिवहन ढांचे को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि भारत ने कभी किसी दूसरे देश पर हमला नहीं किया और यदि देश ने हथियार उठाए भी हैं तो वह केवल आत्मरक्षा के लिए उठाए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि लोक निर्माण विभाग (PWD) करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से इस फुट ओवर ब्रिज का निर्माण करेगा। एफओबी को लद्दाख की संस्कृति और परंपराओं को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया जाएगा।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि इस इलाके में कई वर्षों से लद्दाख के परिवार रह रहे हैं और सभी लोग एक परिवार की तरह हैं। उन्होंने कहा कि देश की राजधानी में अलग-अलग राज्यों और क्षेत्रों के लोग रहते हैं और सरकार सभी निवासियों का सम्मान करती है।इस दौरान उन्होंने Aam Aadmi Party पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार ने लोगों की भलाई के बजाय वोट बैंक की राजनीति को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार का उद्देश्य दिल्ली के सभी नागरिकों के लिए बेहतर बुनियादी सुविधाएं और विकास सुनिश्चित करना है।
2 नए कॉरिडोर मेट्रो को प्रभावी गति देंगे
दिल्ली की मुख्यमंत्री Rekha Gupta ने बताया कि मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर सेक्शन की लंबाई लगभग 12.3 किलोमीटर होगी और इसमें 8 एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे। यह कॉरिडोर पहले से संचालित मजलिस पार्क–शिव विहार पिंक लाइन का हिस्सा होगा। इसके जुड़ने से पिंक लाइन की कुल लंबाई करीब 71.56 किलोमीटर हो जाएगी और दिल्ली को देश की पहली पूरी तरह संचालित रिंग मेट्रो मिल जाएगी। इस कॉरिडोर पर बनने वाले स्टेशन होंगे: मजलिस पार्क, बुराड़ी, झड़ौदा माजरा, जगतपुर-वजीराबाद, सूरघाट, नानकसर-सोनिया विहार, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार और मौजपुर-बाबरपुर।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक 9.92 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर भी बनाया जाएगा, जो मैजेंटा लाइन का हिस्सा होगा। इस सेक्शन में 7 एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे। यह पहले से संचालित बोटैनिकल गार्डन–कृष्णा पार्क एक्सटेंशन मैजेंटा लाइन का विस्तार होगा। इस नए सेक्शन के शुरू होने के बाद मैजेंटा लाइन की कुल लंबाई करीब 49 किलोमीटर हो जाएगी। इस कॉरिडोर पर बनने वाले स्टेशन होंगे: दीपाली चौक, मधुबन चौक, उत्तरी पीतमपुरा-प्रशांत विहार, हैदरपुर गांव, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा और मजलिस पार्क।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि ये दोनों मेट्रो कॉरिडोर इंजीनियरिंग की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण उपलब्धि हैं। दीपाली चौक-मजलिस पार्क कॉरिडोर का एक हिस्सा करीब 28.36 मीटर की ऊंचाई तक जाता है, जो दिल्ली मेट्रो के एलिवेटेड सेक्शनों में सबसे ऊंचे हिस्सों में से एक होगा। वहीं मजलिस पार्क-मौजपुर बाबरपुर कॉरिडोर के निर्माण में यमुना नदी पर नया पुल बनाया गया है और यहां डबल-डेकर वायडक्ट तैयार किया गया है, जिसमें मेट्रो ट्रैक और सड़क फ्लाईओवर को एक साथ समाहित किया गया है। यह Delhi Metro का यमुना नदी पर पांचवां पुल होगा।
फेज-V (ए) के तहत 3 कॉरिडोर का शिलान्यास
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा Delhi Metro के फेज-V (ए) के तहत तीन नए मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण का शिलान्यास किया जाएगा। इन परियोजनाओं के पूरा होने से दिल्लीवासियों की यात्रा और अधिक सुगम और तेज हो जाएगी। मुख्यमंत्री के अनुसार इनमें रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर, एरोसिटी से आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल-1 तक गोल्डन लाइन विस्तार और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक गोल्डन लाइन विस्तार शामिल हैं।
सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर
रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक बनने वाले सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर की लंबाई करीब 9.913 किलोमीटर होगी और इसे पूरी तरह भूमिगत बनाया जाएगा। इस कॉरिडोर में कुल 9 नए स्टेशन बनाए जाएंगे, जिनमें आर.के. आश्रम मार्ग (निर्माणाधीन), शिवाजी स्टेडियम, युगे-युगेन भारत, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, कर्तव्य भवन, India Gate, वॉर मेमोरियल-हाई कोर्ट, बड़ौदा हाउस, Bharat Mandapam और इंद्रप्रस्थ स्टेशन शामिल होंगे। यह कॉरिडोर सेंट्रल विस्टा क्षेत्र के प्रमुख स्थलों कर्तव्य भवनों, भारत मंडपम और युगे-युगेन भारत संग्रहालय को सीधे मेट्रो नेटवर्क से जोड़ेगा।
गोल्डन लाइन का विस्तार
दूसरा प्रोजेक्ट एरोसिटी से आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल-1 तक गोल्डन लाइन विस्तार है, जिसकी लंबाई 2.263 किलोमीटर होगी और इसे भी भूमिगत बनाया जाएगा। इसमें एक नया स्टेशन बनेगा और दोनों पहले से संचालित स्टेशनों को आपस में जोड़ा जाएगा, जिससे एयरपोर्ट तक पहुंच और आसान होगी। यह परियोजना Indira Gandhi International Airport की कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगी। तीसरा प्रोजेक्ट तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक गोल्डन लाइन विस्तार है। इसकी लंबाई 3.9 किलोमीटर होगी और इसे एलिवेटेड कॉरिडोर के रूप में बनाया जाएगा। इस सेक्शन में सरिता विहार डिपो, मदनपुर खादर और कालिंदी कुंज स्टेशन शामिल होंगे।
एनसीआर को भी मिलेगा फायदा
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से एनसीआर के शहरों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। Faridabad और Ballabhgarh के निवासी Delhi Metro Violet Line के जरिए तुगलकाबाद पहुंचकर गोल्डन लाइन से सीधे एयरपोर्ट टर्मिनल-1 तक यात्रा कर सकेंगे। वहीं Noida के यात्री Delhi Metro Magenta Line से कालिंदी कुंज पहुंचकर गोल्डन लाइन के माध्यम से एयरपोर्ट और दक्षिण दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों तक आसानी से सफर कर पाएंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

